मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने “सिंहस्थ-2028” की तैयारियों का किया निरीक्षण

उज्जैन: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को उज्जैन प्रवास के दौरान हरसिद्धि पाल से रामघाट मार्ग तक चल रहे चौड़ीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। इसी के साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए सभी निर्माण कार्य तेज गति और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए उज्जैन के विकास के लिए लगातार मॉनिटरिंग कर रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि धार्मिक और पौराणिक नगरी उज्जैन को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है, ताकि सिंहस्थ के दौरान आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को बेहतर यातायात और सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने यह भी कहा कि उज्जैन के नागरिक, जनप्रतिनिधि और सभी धर्मों के लोग विकास कार्यों में सहयोग देकर देश के सामने एक नई मिसाल पेश कर रहे हैं। निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री रामघाट पर आयोजित होमगार्ड विभाग के बाढ़ बचाव प्रशिक्षण कार्यक्रम में पहुंचे, जहां उन्होंने जवानों की हौसला अफजाई की और प्रशिक्षण गतिविधियों का अवलोकन किया।
इस दौरान होमगार्ड जवानों द्वारा डीप डाइविंग, अंडरवॉटर रेस्क्यू, सर्फेस वाटर रेस्क्यू, नाव संचालन, स्विमिंग और लाइफ जैकेट के उपयोग सहित आपदा प्रबंधन से जुड़ी तकनीकों का प्रदर्शन किया गया। डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट संतोष कुमार जाट ने बताया कि 250 होमगार्ड जवानों को 15 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे बाढ़ और आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य प्रभावी ढंग से किए जा सकें।
इस अवसर पर उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष रवि सोलंकी, राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, संजय अग्रवाल, संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजीपी राकेश गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।




