उत्तरप्रदेशराज्य

मेरठ-दिल्ली रोड पर 5 बजे तक नहीं चलेंगे वाहन, आज रूट प्लान देखकर निकलें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए पुलिस ने रूट प्लान जारी कर दिया है। कई मागों पर रूट डायवर्जन किया जाएगा। मेरठ-दिल्ली रोड पर टीपीनगर से मोहिद्दीनपुर तक सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

प्रधानमंत्री की जनसभा में जाने वाले लोगों को कार्यक्रम शुरू होने से लगभग डेढ़ घंटा पहले प्रवेश दिया जाएगा। शाम को कार्यक्रम संपन्न होने के बाद जब तक जनसभा में आए लोग वापस नहीं लौट जाते तब तक रूट प्लान जारी रहेगा।

इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन
मेरठ-परतापुर से मोदीनगर की ओर जाने वाली सड़क रहेगी बंद
मेरठ शहर से दिल्ली जाने वाले वाहन
मेरठ शहर से दिल्ली जाने वाले वाहन मेरठ शहर से रुड़की रोड, मोदीपुरम पुल, सरधना पुल, रोहटा पुल, बागपत पुल- एनएच-58 से काशी टोल प्लाजा से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे होते हुए जा सकेंगे।

मेरठ शहर से दिल्ली जाने वाले वाहन
बिजली बंबा चौराहे से होते हुए हापुड़ से दिल्ली-मुरादाबाद हाईवे मार्ग से भी दिल्ली जा सकेंगे।

दिल्ली से मेरठ शहर में आने वाले वाहन
दिल्ली से मेरठ शहर आने वाले वाहन दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस-वे से काशी टोल प्लाजा से एनएच-58 होते हुए बागपत पुल, रोहटा पुल, सरधना पुल, मोदीपुरम, रुड़की रोड होते हुए मेरठ शहर में आ सकेंगे।

बस, कार और निजी वाहनों के लिए मार्ग
दिल्ली/गाजियाबाद से मोदीनगर से कादराबाद पुलिस चौकी से आगे बाएं मुड़कर कार/बस पार्किंग स्थल की ओर जा सकेंगे।

मुजफ्फरनगर/शामली से
गंगनहर पटरी होते हुए सिवालखास पुल से बाएं मुड़कर पार्किंग की ओर जा सकेंगे।

हापुड़ से
थाना खरखौदा तिराहे से मोहिउद्दीनपुर होते हुए पार्किंग स्थल पहुंचेंगे।

मवाना/परीक्षितगढ़ से
मवाना से आने वाले वाहन दौराला और गंगनहर पटरी मार्ग से होते हुए सिवालखास पुल के रास्ते पार्किंग तक जा सकेंगे।

दिल्ली से मेरठ शहर आने वाले वाहन
दिल्ली-मुरादाबाद हाईवे होते हुए हापुड़ से बिजली बंबा चौराहे से भी मेरठ शहर में आ सकेंगे।

मेरठ से दिल्ली आने व जाने वाले वाहन
परतापुर इन्टरचेंज से दिल्ली रोड होते हुए मेरठ शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।

यातायात प्रबंधन के दौरान किसी भी प्रकार की आपात कालीन सेवाएं एवं एम्बुलेंस बाधित नहीं रहेंगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भ्रमण कार्यक्रम के कारण मेरठ-परतापुर से मोदीनगर की ओर कोई भी वाहन नहीं चलेगा। मेरठ-मोदीनगर-दिल्ली मार्ग बंद रहेगा।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान यातायात सुचारु रखने के लिए रूट प्लान जारी किया गया है। कुछ मागों पर रूट डायवर्जन किया गया है। जगह-जगह पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। राघवेंद्र कुमार मिश्र,एसपी यातायात

पुलिस का रिहर्सल, जाम से हाल बेहाल, परीक्षार्थी हुए परेशान
शनिवार को पुलिस ने यातायात व्यवस्था का रिहर्सल किया। इस दौरान मेरठ-दिल्ली रोड पर कई बार यातायात रोका गया। इससे मेरठ-दिल्ली रोड पर भीषण जाम लग गया। इससे न केवल चालक और वाहन सवार जाम में फंस गए बल्कि परीक्षा देने जाने जा रहे बोर्ड के परीक्षार्थियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी तैयारियों का जायजा लेने मेरठ पहुंचे थे। इस दौरान पुलिस ने मेरठ-दिल्ली रोड पर दस मिनट से आधे घंटे के लिए कई चार कई बार यातायात रोका। पुलिस जब भी यातायात रोकती। दिल्ली मेरठ रोड पर भीषण जाम लग जाता।

इस दौरान सीबीएसई और यूपी बोर्ड की दोनों पालियों में परीक्षा होने के कारण परीक्षार्थियों को जाम से जूझना पड़ा। परतापुर से लेकर बेगमपुल तक ही लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। जाम में फंसे परीक्षार्थियों को परीक्षा छूटने का डर सताने लगा।

इसके चलते कुछ छात्र और उनके अभिभावक अपने वाहन मार्ग के किनारे खड़े कर पैदल ही परीक्षा केंद्र की ओर दौड़ने लगे। शताब्दीनगर मेट्रो स्टेशन के पास दोपहर की पाली में परीक्षा देने जा रहे परीक्षार्थी अपने वाहनों से उतरकर तैनात पुलिसकर्मियों के पास जाकर कहते सुनाई दिए कि अंकल परीक्षा छूट जाएगी, जाने दो। लेकिन पुलिसकर्मी केवल आश्वासन देते नजर आए।

Related Articles

Back to top button