खाना -खजाना

मोमोज तो बन जाते हैं, पर चटनी में वो स्वाद नहीं आता? इन स्टेप से घर पर तैयार करें स्ट्रीट-स्टाइल चटनी

मोमोज आज बच्चों से लेकर बड़ों सभी की पहली पसंद बन चुके हैं। मोमोज का असली स्वाद उसकी तीखी और लाल चटनी से आता है। बहुत से लोग घर पर मोमोज तो बना लेते हैं, लेकिन बाजार जैसा स्वाद चटनी में नहीं ला पाते।

अगर आप भी मोमोज खाने के शौकीन हैं और घर पर स्ट्रीट-स्टाइल मोमो चटनी का स्वाद लेना चाहते हैं, तो आप इन स्टेप्स की मदद से स्वादिष्ट चटनी तैयार कर सकते हैं। चलिए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी।

चटनी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
2 सूखी कश्मीरी लाल मिर्च
2 बड़े टमाटर
2-3 लहसुन की कलियां
1 चम्मच चीनी
1 छोटा टुकड़ा अदरक
1/4 चम्मच काली मिर्च का पाउडर
1 चम्मच सिरका
नमक स्वादानुसार
थोड़ा सा तेल

चटनी बनाने की विधि

स्टेप 1: लाल मिर्च को उबालें
सबसे पहले एक बर्तन में पानी को गर्म करें और उसमें सूखी लाल मिर्च को डालकर 7-8 मिनट तक उबलने छोड़ दें। ऐसा करने से मिर्च नरम हो जाएगी और पीसने में आसानी होगी।

स्टेप 2: टमाटर को भूनें
अब आप टमाटरों को तब तक उबालें जब तक उसकी हल्की परत न निकल आए। अगर आप चटनी में हल्का स्मोकी फ्लेवर चाहते हैं, तो टमाटर को गैस पर भी थोड़ा भून सकते हैं। इससे उसका स्वाद और भी टेस्टी हो जाएगा।

स्टेप 3 : टमाटर और मिर्च को ठंडा होने दें
टमाटर और लाल मिर्च के उबलने के बाद दोनों के एक्स्ट्रा पानी को निकाल दें। साथ ही, दोनों सामग्री को कुछ देर ठंडा होने के लिए छोड़ दें। इसके बाद टमाटर के छिलकों को उतार लें और उसे दो से तीन हिस्सों में काट लें।

स्टेप 4: सभी चीजों को पीस लें
चटनी को तैयार करने के लिए एक मिक्सर जार में भीगी हुई लाल मिर्च, कटे टमाटर, लहसुन, अदरक और सभी अन्य सामग्री को डालकर अच्छी तरह पीसकर प्युरी तैयार करें। जरूरत हो तो थोड़ा सा पानी डाल सकते हैं, लेकिन ध्यान रखें कि पेस्ट ज्यादा पतला न हो।

स्टेप 5: चटनी को हल्का पकाएं
पेस्ट से कच्चापन खत्म करने के लिए अब एक पैन में थोड़ा सा तेल गर्म करें और तैयार प्युरी उसमें डाल दें। इसे 2-3 मिनट तक हल्का पकाएं।

स्टेप 6: सर्व करें
जब प्यूरी अच्छी तरह पक जाए, तो आंच बंद कर दें और आपकी स्ट्रीट-स्टाइल मोमो चटनी तैयार है। आप इस चटनी को 4-5 दिन तक स्टोर भी कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button