यूथ वॉक में आए हजारों युवा, नशे के खिलाफ लिया संकल्प

आज सुबह 5 बजे से इंदौर के नेहरू स्टेडियम से ‘यूथ वॉक-2026’ शुरू हुई। इसे लेकर यातायात पुलिस ने शहर के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया। इस आयोजन में शामिल होने के लिए हजारों युवा पहुंचे। नशे से दूरी का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित इस वॉक के कारण सरवटे जाने वाली बसों के रूट भी बदले गए। 3 किलोमीटर लंबी वॉक नेहरू स्टेडियम से सुबह 9 बजे शुरू हुई। कार्यक्रम के आयोजक रुद्राक्ष गोलू शुक्ला के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखते हुए उन्हें सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना और समाज में जनजागरण फैलाना है।
कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री खगेंद्र भार्गव, बीजेपी विधायक गोलू शुक्ला सहित कई अतिथियों ने शिरकत की। इस अवसर पर खगेंद्र भार्गव ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की लगभग 50 प्रतिशत आबादी युवा है और इसी कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के युवाओं को नशे की लत में फंसाकर कमजोर करने की साजिशें की जा रही हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहें और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।
यातायात सुबह 5 बजे से डायवर्ट रहा
एसीपी जोन-3 हिंदूसिंह मुवेल ने जानकारी दी कि रविवार सुबह 5 बजे से यूथ वॉक के समापन तक संबंधित मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहा। इस दौरान केवल इमरजेंसी वाहनों को ही इन रास्तों से गुजरने की अनुमति दी गई।
देवास, खंडवा और खरगोन रूट की बसों के बदले रास्ते
देवास से आकर सरवटे बस स्टैंड जाने वाली बसों को पीपल्याहाना, कृषि कॉलेज, डेली कॉलेज, आजाद नगर गोल चौराहा, नवलखा, अग्रसेन से छावनी अनाज मंडी रोड और गुजराती कॉलेज होते हुए भेजा गया। खंडवा और खरगोन की बसें नवलखा से अग्रसेन, छावनी अनाज मंडी रोड और अर्जुन प्याऊ होते हुए सरवटे पहुंची। सरवटे बस स्टैंड से निकलने वाली बसों को रीगल, मधु मिलन, गीताभवन और पीपल्याहाना के रास्ते से संचालन किया गया। डायवर्ट किए गए सभी मार्गों और प्रमुख चौराहों पर यातायात पुलिस के जवानों के साथ वॉलंटियर्स भी तैनात किए गए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
पार्किंग के लिए विशेष इंतजाम
यूथ वॉक में शामिल होने वाले प्रतिभागियों के लिए मेडिकल हॉस्टल के सामने बंगला नंबर 4 के ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था की गई। पार्किंग में जाने वाली बसें व्हाइट चर्च से मेडिकल टी होकर ही प्रवेश कर पाई। आवश्यकता अनुसार अन्य खाली स्थानों पर भी वाहन पार्क करवाए गए।
नशा छोड़ो–भविष्य जोड़ो का संदेश
‘यूथ वॉक-2026’ का आयोजन टीम रुद्राक्ष द्वारा किया गया। इसके लिए करीब 25 हजार युवाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया था। प्रतिभागियों को आयोजन स्थल पर टी-शर्ट और कैप वितरित की गई। यह 3 किलोमीटर की वॉक नेहरू स्टेडियम से शुरू होकर जीपीओ, छावनी, मधु मिलन, एमवाय अस्पताल, शिवाजी वाटिका होते हुए वापस नेहरू स्टेडियम पर समाप्त हुई। इसमें स्कूल, कॉलेज और विभिन्न एकेडमी के युवा शामिल हुए।



