वानखेड़े में गेंदबाज मचाएंगे हड़कंप या बल्लेबाज करेंगे चौके-छक्कों की बारिश? जानिए पिच का हाल

पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के लिए मौजूदा आईपीएल सीजन अच्छा नहीं चल रहा है। इस टीम का लगातार हार का सामना करना पड़ा है। हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली मुंबई को शनिवार को लखनऊ सुपरजायंट्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। अब ये टीम अपने घर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू का सामना करेगी। दोनों ही टीमों अपने पिछले मैच में हार का सामना करके आ रही हैं।
आरसीबी को अपने पिछले मैच में गुजरात टाइटंस से हार मिली थी। जीत के रास्ते पर वापसी करने आरसीबी के लिए आसान नहीं है क्योंकि अगला मैच वह मुंबई के घर वानखेड़े स्टेडियम में खेलेगी। मुंबई ने अभी मुंबई ने अभी तक चार मैचों में जो एक मैच जीता है वो अपने घर में ही जीता है। हालांकि, आरसीबी अगर पिच को अच्छे से समझ गई तो वह मुंबई को हरा सकती है।
वानखेड़े में किसका हल्ला बोल?
वानखेड़े की पिच पर उछाल मिलता है जो तेज गेंदबाजों को पसंद आता है। ये बल्लेबाजों के लिए भी अच्छा है क्योंकि अगर उन्होंने पिच पर कुछ समय बिता लिया तो फिर गेंद अच्छे से उनके बैट पर आने लगेगी और फिर रन बनाना आसान हो जाएगा। यहां रन बनते हैं और इस मैच में रनों की बारिश हो सकती है। हालांकि, पिछले मैच में कहानी उल्टी थी। मुंबई के गेंदबाजों ने कोलकाता नाइट राइडर्स को बड़ा स्कोर खड़ा नहीं करने दिया था।
इस मैच में मुंबई ने अश्विन कुमार को डेब्यू का मौका दिया था और बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने कमाल करते हुए चार विकेट लेकर इतिहास रच दिया था। एक बार फिर वह कमाल कर सकते हैं। स्पिनरों को भी इस पिच पर बाद के ओवरों में मदद मिल सकती है। ऐसे में देखा जाए तो ये पिच संतुलित है और जो इसका फायदा ज्यादा से ज्याद उठा पाएगा उसके हिस्से जीत आ सकती है।
आरसीबी के सामने चुनौती
आरसीबी ने इस साल चेन्नई सुपर किंग्स को उसके घर में हराया था जो उसकी चेपॉक में 18 साल बाद पहली जीत थी। अगर ये टीम मुंबई को उसके ही घर में हरा दे तो हैरानी नहीं होगी क्योंकि टीम के पास फिल सॉल्ट हैं जो इस उछाल भरी पिच पर गेंदबाजों की कब्र खोद सकते हैं। विराट कोहली को ये मैदान अच्छा लगता है और रजत पाटीदार भी इस मैदान पर दम दिखा सकते हैं। अंत में जितेश शर्मा की बल्लेबाजी टीम के लिए अहम होगी।
जहां तक गेंदबाजी की बात है तो जोश हेजलवुड और यश दयाल जानते हैं कि इस पिच का उपयोग किस तरह से करना है। क्रुणाल पांड्या लंबे समय तक इस पिच पर खेले हैं जो अपनी फिरकी से अहम योगदान दे सकते हैं।