पंजाबराज्य

शिरोमणि अकाली दल को बड़ा झटका, पूर्व विधायक ने पकड़ा इस पार्टी का हाथ

शिरोमणि अकाली दल को बड़ा झटका लगा है, जहां पूर्व विधायक प्रकाश सिंह भट्टी पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और लुधियाना से लोकसभा सदस्य अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने शनिवार को पूर्व विधायक प्रकाश सिंह भट्टी का शिरोमणि अकाली दल से कांग्रेस पार्टी में शामिल होने पर गर्मजोशी से स्वागत किया।

बता दें कि 2002 में बल्लुआना से कांग्रेस के टिकट पर जीते भट्टी कुछ दिन पहले पंजाब कांग्रेस प्रभारी देवेंद्र यादव की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुए थे। शनिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने उनका स्वागत किया।

राजा वड़िंग ने कहा कि भट्टी ने पंजाब की भलाई के लिए लगातार काम किया है। प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि भट्टी बहुत ही मेहनती नेता हैं जिन्होंने हमेशा पूरी निष्ठा के साथ अपने निर्वाचन क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व किया है। पंजाब के लोगों के लिए उनके निरंतर प्रयास सराहनीय हैं। इस मौके पर प्रकाश सिंह भट्टी ने कांग्रेस लीडरशिप का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि वह पंजाब कांग्रेस के बैनर तले एक बार फिर पंजाब के लोगों की सेवा करने के इस अवसर के लिए आभारी हूं।

वड़िंग ने जोर देकर कहा कि भट्टी की पार्टी में वापसी से कांग्रेस मजबूत होगी। उन्हें जल्द ही पंजाब के लोगों के हितों को आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण काम सौंपा जाएगा। प्रकाश सिंह भट्टी फरीदकोट इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट (2002-07) और पूर्व चेयरमैन थे और एस.सी. कॉर्पोरेशन पंजाब (2013-16) के पूर्व चेयरमैन भी हैं।

पंजाब कांग्रेस महासचिव कैप्टन संदीप संधू और पंजाब युवा कांग्रेस अध्यक्ष मोहित महिंद्रा भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए और प्रकाश सिंह भट्टी का स्वागत किया। कंगना रनौत की आने वाली फिल्म ‘इमरजेंसी’ के बारे में पूछे जाने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वह लंबे समय से नफरत फैला रही है।

Related Articles

Back to top button