अन्तर्राष्ट्रीय

सिंगापुर एयरलाइंस में एयर होस्टेस के साथ छेड़छाड़, भारतीय यात्री गिरफ्तार

 सिंगापुर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दरअसल एक भारतीय नागरिक आकाश तिवारी पर सिंगापुर एयरलाइंस की फ्लाइट में महिला फ्लाइट अटेंडेंट के साथ छेड़छाड़ और परेशान करने का आरोप लगाया गया है। यह घटना 9 फरवरी को तब हुई, जब विमान लैंडिंग की तैयारी कर रहा था।

पुलिस के मुताबिक, आकाश तिवारी पर आपराधिक बल प्रयोग करके महिला की गरिमा भंग करने का आरोप है। उसने महिला अटेंडेंट के प्राइवेट पार्ट के आसपास छूआ। यह सब तब हुआ जब महिला अपनी ड्यूटी के दौरान उसके सीट के पास सर्विस दे रही थी।

क्या है पूरा मामला?

महिला ने तुरंत उसे रोकने को कहा और गैले में जाकर लैंडिंग की तैयारी करने लगी। लेकिन आकाश तिवारी ने उसका पीछा किया। वह गैले में पहुंच गया, जहां उसने महिला को कोने में धकेल दिया और लगातार परेशान करता रहा। इससे महिला काफी डर गई और तनाव में आ गई।

महिला ने जोर-जोर से चिल्लाया और वहां से निकल गई। लेकिन आकाश तिवारी ने फिर से उसका पीछा किया और आइल में तक आ गया। आखिरकार, जब महिला ने अपने सुपरवाइजर को इसकी रिपोर्ट कर दी, तब जाकर वह अपनी सीट पर वापस लौटा।

गिरफ्तार किया गया आरोपी

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, आकाश तिवारी पर धमकी भरे व्यवहार का भी आरोप है। उसने महिला को डराने और परेशान करने के लिए यह सब किया। घटना की सूचना उसी दिन पुलिस को मिल गई।

एयरपोर्ट पुलिस डिवीजन के अधिकारी जांच में जुट गए और विमान के चंगी एयरपोर्ट पहुंचते ही आकाश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। महिला की पहचान गुप्त रखने के लिए कोर्ट ने गैग ऑर्डर जारी कर दिया है।

कोर्ट में क्या हुआ?

मंगलवार को कोर्ट में आकाश तिवारी पर औपचारिक रूप से आरोप लगाए गए। जब उससे पूछा गया तो उसने खुद को निर्दोष बताया और नॉट गिल्टी कहा। अब अगली सुनवाई का इंतजार है।

मोलेस्टेशन के आरोप में दोषी पाए जाने पर उसे तीन साल तक की जेल, जुर्माना, कैनिंग या इनमें से कोई भी सजा हो सकती है। धमकी भरे व्यवहार और डिस्ट्रेस पैदा करने के लिए छह महीने तक जेल या 5000 सिंगापुर डॉलर (लगभग 3900 अमेरिकी डॉलर) तक जुर्माना या दोनों सजाएं हो सकती हैं।

Related Articles

Back to top button