सिर्फ एक लोटा जल और ये खास चीजें

महाशिवरात्रि का पर्व शिव भक्तों के लिए बहुत खास होता है। यह वह रात है जब शिव और शक्ति का मिलन हुआ था। इस साल महाशिवरात्रि का महापर्व 15 फरवरी को मनाया जाएगा। महादेव बहुत भोले हैं और वे मात्र एक लोटा जल से भी प्रसन्न हो जाते हैं, लेकिन कुछ ऐसी भी चीजें हैं, जो भोलेबाबा को बहुत प्रिय हैं।
अगर आप लंबे समय से परेशानियों से घिरे हैं या आपकी किस्मत साथ नहीं दे रही है, तो इस महाशिवरात्रि पर भगवान शिव की पूजा में ये खास चीजें शामिल करें, जो इस प्रकार हैं –
चढ़ाएं जल
शिवलिंग पर जल चढ़ाना केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि समर्पण का प्रतीक है। ऐसी मान्यता है कि समुद्र मंथन के दौरान निकले विष के प्रभाव को शांत करने के लिए देवताओं ने महादेव पर जल अर्पित किया था। महाशिवरात्रि के दिन तांबे के लोटे से शिवलिंग पर ‘ॐ नमः शिवाय’ का जाप करते हुए धीरे-धीरे जल की धार अर्पित करने से मानसिक शांति मिलती है और सोए हुए भाग्य के दरवाजे खुल जाते हैं।
इन खास चीजों को जरूर चढ़ाएं
बिल्व पत्र: तीन पत्तियों वाला अखंडित बिल्व पत्र चढ़ाने से जन्मों जन्म के पापों का नाश होता है। ध्यान रहे कि बिल्व पत्र का चिकना हिस्सा शिवलिंग को स्पर्श करे।
धतूरा और भांग: महादेव को धतूरा और भांग चढ़ाना बहुत अच्छा माना जाता है। इससे शत्रुओं का नाश होता है और भय से मुक्ति मिलती है।
शमी के पत्ते: शनि दोष से मुक्ति और कामों में सफलता के लिए शिवलिंग पर शमी पत्र चढ़ाना बहुत शुभ माना गया है।
अक्षत (चावल): इस दिन भोलेनाथ को बिना टूटे हुए चावल अर्पित करने से घर में धन-धान्य की कभी कमी नहीं होती और आर्थिक परेशानियां दूर होती हैं।
शहद और घी: अगर आप जीवन में कई तरह के कष्टों से घिरे हुए हैं, तो शिवलिंग का शहद और घी से अभिषेक करें। इससे रुके हुए काम बनने लगते हैं और सेहत अच्छी रहती है।
महाशिवरात्रि पर क्या करें खास?
निशीथ काल की पूजा: शिवरात्रि की रात के चारों प्रहर की पूजा का विशेष महत्व है। खासकर मध्य रात्रि में की गई पूजा का फल तुरंत मिलता है।
महामृत्युंजय जाप: अगर घर में कोई बीमार है, तो इस दिन महामृत्युंजय मंत्र का क्षमता अनुसार जाप करें।
दान का महत्व: इस पावन अवसर पर अन्न, जल और वस्त्र का दान करने से पुण्य फलों की प्राप्ति होती है।





