मध्यप्रदेशराज्य

सीएम ने 16 लोकसेवको को सम्मानित किया, बोले- विकसित भारत मध्यप्रदेश की भूमिका  महत्वपूर्ण

राष्ट्रीय सिविल सेवा दिवस 2025 के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार कर जनसेवा को नई दिशा देने वाले 16 लोकसेवकों को मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया। यह समारोह भोपाल स्थित आरसीव्हीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2022-23 और 2023-24 के चयनित अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र और एक-एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की। सीएम ने कहा कि विकसित भारत @2047 की परिकल्पना को साकार करने में मध्यप्रदेश की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि वे अपने नवाचारों को संकलित करें और सुशासन की दिशा में प्रभावी कार्ययोजनाएं तैयार करें, ताकि सरकारी योजनाएं जमीनी स्तर तक पहुंचें और जनहित में अधिक प्रभावी हों।

मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक उदाहरणों का हवाला देते हुए चाणक्य और सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रशासनिक दूरदृष्टि को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि चाणक्य ने चंद्रगुप्त मौर्य के माध्यम से एक संगठित शासन की नींव रखी, वहीं सरदार पटेल ने स्वतंत्र भारत की प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए लोकसेवकों के लिए गरिमा (Dignity), ईमानदारी (Integrity) और भ्रष्टाचार से मुक्त कार्यशैली (Incorruptibility) को मूल सिद्धांत बनाया। कार्यक्रम में मुख्य सचिव अनुराग जैन ने कहा कि सिविल सेवा दिवस आत्ममंथन का अवसर होता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश के अधिकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत @2047 मिशन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की विकसित मध्यप्रदेश की अवधारणा को साकार करने में पूर्ण समर्पण से कार्य कर रहे हैं।

16 लोकसेवकों को मिला मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर माधव प्रसाद पटेल माध्यमिक शिक्षक, अदिति गर्ग आयुष्मान कार्ड में नवाचार, डॉ. इंदिरा दांगी शिक्षक आष्टा, शारदा डुवडे शिक्षक, आलोक पौराणिक प्राथमिक शिक्षक पथरिया, चंद्रमोहन ठाकुर अधोसंरचना श्रेणी में पुरस्कार, डॉ. यशपाल सिंह प्राचार्य आवासीय विद्यालय, संजय जोशी प्रबंध संचालक विद्युत वितरण कंपनी, अमित तोमर प्रबंध संचालक विद्युत वितरण कंपनी जबलपुर, ऋषभ गुप्ता पूर्व कलेक्टर देवास, गणेश शंकर मिश्रा प्रबंध संचालक विद्युत वितरण कंपनी, दिवांग सिंह ग्रीन ब्रांड इंदौर में उत्कृष्ट कार्य, प्रवीण सिंह अढायच पूर्व कलेक्टर सीहोर, प्रो. बेला सचदेवा, भूपेंद्र कुमार चौधरी माध्यमिक शिक्षक, शीला दाहिमा को मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार प्रदान किए गए।

प्रशासन अकादमी में नरोन्हा व्याख्यान श्रृंखला आयोजित
सिविल सेवा दिवस समारोह 2025 के अवसर पर प्रशासन अकादमी में नरोन्हा व्याख्यान श्रृंखला का आयोजन किया गया है, जिसमें प्रदेशभर के अधिकारी, कर्मचारी शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता दीपक बागला ने सभागार में उपस्थित अधिकारियों को विकसित भारत के लिए सुशासन से जुड़े अनुभव साझा किए। प्रशासन अकादमी के संचालक मुजीबुर्रमान ने सभी अथितियों का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button