पंजाबराज्य

सीएम मान ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा, लोगों को मदद का दिया आश्वासन

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को होशियारपुर जिले के टांडा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। मुख्यमंत्री सबसे पहले गांव मियाणी पहुंचे, जहां सरकारी स्कूल में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राहत शिविर स्थापित किया गया है। यहां उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।

बाढ़ प्रभावितों को हर संभव मदद का आश्वासन

इसके बाद मुख्यमंत्री रड़ा पुल पहुंचे और धुस्सी बांध का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय किसानों से भी बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की फसलों और जमीनों को हुए नुकसान का उचित आंकलन कर रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत की जाए, ताकि मुआवजे की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बाढ़ प्रभावितों के लिए हर संभव राहत और पुनर्वास कार्य को प्राथमिकता पर कर रही है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राहत सामग्री, चिकित्सा सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कमी न आने पाए।

अरविंद केजरीवाल ने की सहयोग की अपील

वहीं, आम आदमी पार्टी ने पंजाब में आई विनाशकारी बाढ़ से जूझ रहे लोगों के लिए देशवासियों से आगे आकर मदद करने की अपील की है। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में बाढ़ पीड़ित परिवारों को राहत पहुंचाना आज सबसे बड़ी प्राथमिकता है। लोग कहीं से भी पंजाब मुख्यमंत्री बाढ़ राहत कोष में अपनी मदद भेज सकते हैं।

केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर कहा कि वह अपनी क्षमता अनुसार योगदान कर रहे हैं और अपने सभी परिचितों से भी सहयोग की अपील कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता दिल्ली में घर-घर जाकर राहत सामग्री एकत्रित करेंगे। आम आदमी पार्टी ने राहत कोष का आधिकारिक खाता विवरण भी साझा किया है, जिससे कोई भी व्यक्ति सीधे योगदान कर सकता है। पार्टी नेताओं का कहना है कि लोगों का छोटा सा योगदान हजारों बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए बड़ा सहारा बन सकता है।

Related Articles

Back to top button