दिल्लीराज्य

सीएम रेखा की बच्चियों को सौगात: साइकिल देकर पूछा- खुश हैं…

दिल्ली के ईस्ट विनोद नगर में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विद्या वाहिनी योजना के तहत बच्चियों को निशुल्क साइकिलें बांटीं। इस दौरान तीन हजार से अधिक बच्चियों को साइकिलें मिलीं, जबकि कुल 1.40 लाख साइकिलें महीने भर में बांटी जाएंगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सीएमश्री स्कूल में विद्या वाहिनी योजना के तहत निशुल्क साइकिलें बांटीं। इस अवसर पर तीन हजार से ज्यादा बच्चियों को साइकिलें मिलीं, जबकि महीने भर में कुल 1.40 लाख साइकिलें बांटी जानी हैं। मुख्यमंत्री ने बच्चियों से पूछा कि क्या वे साइकिल पाकर खुश हैं, जिस पर उन्होंने ‘यस मैम’ कहा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा और शिक्षा मंत्री आशीष सूद उपस्थित रहे। स्थानीय विधायक और शिक्षा विभाग के अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे। बच्चियों ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और शिक्षा मंत्री आशीष सूद को निशुल्क साइकिलें देने पर धन्यवाद दिया।

मुझे पीएम मोदी ने भेजा है आपके लिए: सीएम रेखा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने साइकिलों को बेटियों के लिए उनके पंख जैसा बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बेटियों की जरूरतों को समझने और पूरा करने के लिए भेजा है। आपकी सीएम मौसी ने बच्चियों की तकलीफें कम करने का प्रयास किया है।

पुराने स्कूलों को बदलेगी सूरत
सरकार धीरे-धीरे पुराने स्कूलों को बदलेगी। हर कक्षा में स्मार्ट बोर्ड, कंप्यूटर लैब, लैंग्वेज लैब और डिजिटल लाइब्रेरी बनाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि जब वह मुख्यमंत्री बनीं, तो पिछली सरकार के स्कूलों में शौचालय ब्लॉक तक नहीं थे। उन्होंने शिक्षा मंत्री आशीष सूद को बुलाकर पिछली सरकार के झूठे दावों को दिखाया। अब नए स्कूल, बेहतर सीएम श्री स्कूल और अधिक पुरस्कार दिए जाएंगे। उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स की मीरा बाई चानू का उदाहरण देकर बच्चियों का मनोबल बढ़ाया।

नौवीं कक्षा की छात्राओं को मिलेंगी साइकिलें
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि बेटियां राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री भी बन सकती हैं। उन्होंने बताया कि वह स्वयं भी सरकारी स्कूल से पढ़ी हैं। सरकार हर साल नौवीं कक्षा की हर बच्ची को विद्या वाहिनी साइकिलें देगी। उनकी सरकार शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के लिए लगातार काम कर रही है।

शिक्षा से राष्ट्रनिर्माण करने आए हैं- आशीष सूद
शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि वे विज्ञापन की राजनीति नहीं, शिक्षा से राष्ट्रनिर्माण करने आए हैं। उन्होंने बताया कि साइकिलों के बाद अब लैपटॉप देने की तैयारी है। रक्षाबंधन पर दिल्ली की महिलाओं को 2500 रुपये भी दिए जाएंगे। केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बेटियों और महिलाओं की जरूरतों को पूरा कर रही हैं।

विद्या वाहिनी योजना
केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने विद्यावाहिनी योजना को बेटियों के भविष्य, सुरक्षा और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए खास बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेखा गुप्ता को दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में चुना है। रेखा गुप्ता हरएक कदम पर खरी उतर रही हैं। उन्होंने रेखा सरकार की अन्य उपलब्धियां भी गिनाईं।

सरकार ने दी दिल्ली के लोगों को ये योजनाएं
सरकार 10 लाख रुपये तक के आयुष्मान कार्ड, अटल कैंटीन और प्राइमरी हेल्थ सेंटर जैसी सुविधाएं दे रही है। साल में दो मुफ्त सिलिंडर और कूड़े के पहाड़ आधे से ज्यादा खत्म किए गए हैं। अब निशुल्क साइकिलें और महिलाओं को 2500 रुपये मिलेंगे। हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि रेखा सरकार पिछली सरकार की तरह झूठा महिमा मंडन नहीं कर रही है।

Related Articles

Back to top button