
चारधाम यात्रा के दौरान स्क्रीनिंग से बच रहे श्रद्धालुओं की बदरीनाथ धाम पहुंचने पर तबीयत बिगड़ रही है। उच्च रक्तचाप और सांस लेने में दिक्कत के मामले सबसे अधिक हैं। बदरीनाथ धाम और आस्था पथ (गौचर से बदरीनाथ) पर यात्रा के दौरान स्वास्थ्य बिगड़ने से अब तक 40 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है।
चारधाम यात्रा के दौरान बदरीनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें हो रही हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्र में पहुंचते ही कई श्रद्धालुओं, विशेषकर बुजुर्गों को सांस लेने में दिक्कत और रक्तचाप (बीपी) की दिक्कत होने के कारण अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक बदरीनाथ धाम के सरकारी अस्पताल, एमआरपी सेंटर और इमरजेंसी सेवाओं के माध्यम से 7050 श्रद्धालुओं को उपचार और स्वास्थ्य लाभ दिया जा चुका है।
यात्रा मार्ग सूचना बोर्ड लगाए गए हैं जहां से क्यूआर कोड स्कैन कर स्वास्थ्य संबंधी सलाह ले सकते हैं। चारधाम यात्रा में एक माह में आठ लाख से अधिक श्रद्धालु बदरीविशाल के दर्शन कर चुके हैं। इसके बावजूद धाम से लगभग 15 किलोमीटर पहले पांडुकेश्वर में स्थापित स्वास्थ्य जांच केंद्र पर अब तक केवल 54 हजार के आसपास श्रद्धालुओं की ही स्क्रीनिंग हो सकी है।
अब तक 54,007 श्रद्धालुओं की स्क्रीनिंग की गई
स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि बड़ी संख्या में यात्री स्वास्थ्य परीक्षण कराए बिना ही सीधे धाम पहुंच रहे हैं और ऊंचाई पर पहुंचने पर अचानक उनकी तबीयत खराब हो रही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता ने बताया कि सभी यात्रियों की स्क्रीनिंग कर पाना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है।
इसलिए बुजुर्ग, अस्वस्थ और जोखिम वाले यात्रियों की प्राथमिक स्वास्थ्य जांच की जा रही है। उच्च हिमालयी क्षेत्र में ऑक्सीजन स्तर कम होने और मौसम में बदलाव के कारण कई यात्रियों को सांस लेने में परेशानी तथा रक्तचाप संबंधी दिक्कतें हो रही हैं। विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब तक 54,007 श्रद्धालुओं की स्क्रीनिंग की गई जिनमें 2,891 श्रद्धालु 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के हैं।
आस्था पथ और धाम क्षेत्र में 40 श्रद्धालुओं की मौत
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बदरीनाथ धाम और आस्था पथ (गौचर से बदरीनाथ) पर यात्रा के दौरान स्वास्थ्य बिगड़ने से अब तक 40 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है। वहीं गंभीर रूप से बीमार छह श्रद्धालुओं को हेलिकॉप्टर के माध्यम से हायर सेंटर रेफर किया गया है।
सीएमओ डॉ. गुप्ता ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए स्वास्थ्य संबंधी एडवाइजरी जारी की गई है। यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर सूचना बोर्ड लगाए गए हैं जिन पर क्यूआर कोड भी हैं। श्रद्धालु इन क्यूआर कोड को स्कैन कर स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह और सावधानियों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।





