स्पेन के जंगलों में लगी भीषण आग के बाद प्रशासन रेस्क्यू में जुटा

स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने शनिवार को कहा कि मैड्रिड के पश्चिम में लगी आग में दमकलकर्मी जान बचाने की कोशिश कर रहे हैं। तेज हवाओं की आशंका के चलते स्थिति और भी मुश्किल हो गई है।
सरकार ने बताया कि सूखे इलाकों में लगी आग की वजह से 70,000 लोगों को अपना घर छोड़कर भागना पड़ा है। अधिकारियों ने इसे इस इलाके में अब तक की सबसे भयानक आग बताया है।
‘मुश्किल भरा हो सकता है आने वाला समय’
आग प्रभावित इलाके के सेनिसीएंटोस गांव में पत्रकारों से बात करते हुए सांचेज ने कहा, “हमारी प्राथमिकता, हमारी सोच और हमारा मकसद आपकी जान बचाना और आबादी वाले इलाकों की सुरक्षा करना है।”
उन्होंने आगे कहा, “आने वाले कुछ घंटे मुश्किल भरे हो सकते हैं क्योंकि भले ही तापमान कम हो गया है, लेकिन हमें ठीक-ठीक नहीं पता कि हवा का रुख कैसा रहेगा या वह कितनी तेज होगी।”
ब्रुनेट शहर की मेयर मार निकोलस ने बताया कि वह उन निवासियों के लिए बहुत चिंतित हैं जो इन भयानक आग से परेशान हैं। उन्होंने कहा, “हर साल आग लगती है, लेकिन इस बार की आग बहुत भयानक रही है। यह एक बड़ी तबाही है।”
घने धुएं से भर गया पूरा आसमान
राजधानी के पश्चिम में आसमान घने धुएं से भर गया और सुबह-सुबह जलने की गंध सेंट्रल मैड्रिड की सड़कों तक पहुंच गई, जिससे लोगों के गले में खराश होने लगी और उन्हें अपनी खिड़कियां बंद रखने पर मजबूर होना पड़ा। स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक्स पर लोगों को सलाह दी कि वे खराब हवा की गुणवत्ता के कारण लंबे समय तक बाहर न रहें।
आस-पास के गांवों से निकाले गए लोगों को राजधानी के आस-पास बने स्पोर्ट्स हॉल में ठहराया गया। पेरू की रहने वाली 38 साल की जैकलीन विलाफ्रांका ने जब फोन पर आग लगने की चेतावनी बजी तो उन्होंने कहा, “मुझे लगा कि सब कुछ जल जाएगा, घर और बाकी सब कुछ।”




