महाराष्ट्रराज्य

‘हम महाराष्ट्र धर्म की रक्षा के लिए साथ आए हैं’, ठाकरे बंधुओं ने बीएमसी चुनाव से पहले भरी हुंकार

मुंबई महानगरपालिका चुनाव से पहले लगभग 20 वर्ष बाद साथ आए ठाकरे बंधुओं उद्धव ठाकरे एवं राज ठाकरे ने कहा है कि वे महाराष्ट्र धर्म की रक्षा के लिए साथ आए हैं। उन्होंने यह बात शिवसेना के मुखपत्र सामना में गुरुवार से प्रकाशित हो रहे एक संयुक्त साक्षात्कर में कही है।

सामना शिवसेना संस्थापक बालासाहेब ठाकरे के रहते प्रतिवर्ष एक बार उनका श्रृंखलाबद्ध साक्षात्कार प्रकाशित करता था। जिसके माध्यम से वह अपना संदेश अपने शिवसैनिकों तक पहुंचाते थे। इसके बाद अविभाजित एवं फिर विभाजित शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे का साक्षात्कार प्रकाशित होता रहा है।

गुरुवार को पहली बार उद्धव ठाकरे के साथ उनके चचेरे भाई राज ठाकरे का संयुक्त साक्षात्कार प्रकाशित होना शुरू हुआ है। यह साक्षात्कार सामना के कार्यकारी संपादक एवं राज्यसभा सदस्य संजय राउत एवं फिल्म निर्माता-निर्देशक महेश मांजरेकर ने लिया है।

साक्षात्कार की शुरुआत में ही दोनों भाइयों ने साफ कर दिया कि उनका साथ आना केवल सत्ता के लिए नहीं, बल्कि महाराष्ट्र धर्म की रक्षा के लिए है। राज ठाकरे ने कहा है कि व्यक्तिगत मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन जब बात मुंबई और मराठी अस्मिता की आती है तो हम एक हैं।

जबकि उद्धव ठाकरे ने केंद्र और राज्य की महायुति सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि दिल्ली में बैठे लोग मुंबई के आर्थिक महत्व को कम करने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने ‘बटेंगे तो कटेंगे’ नारे पर पलटवार करते हुए कहा कि यदि मराठी लोग विभाजित रहे तो वे मुंबई से पूरी तरह मिटा दिए जाएंगे।

साक्षात्कार में राज ठाकरे ने इस बात पर जोर दिया कि मुंबई के संसाधनों पर पहला अधिकार मुंबईकरों का है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मुंबई का मेयर केवल एक मराठी व्यक्ति ही होना चाहिए और प्रशासन में बाहरी हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

दोनों नेताओं ने बीएमसी में वर्तमान प्रशासकों के दौर में हुए भ्रष्टाचार पर चिंता व्यक्त की। उद्धव ठाकरे ने आरे कारशेड और पर्यावरण के मुद्दों को उठाते हुए कहा कि मौजूदा सरकार मुंबई के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।

साक्षात्कार में राज ठाकरे ने मुंबई के मतदाताओं से एक भावनात्मक अपील की कि वे इस बार केवल गुस्से में नहीं बल्कि भविष्य के लिए मतदान करें। उन्होंने कहा कि ‘ठाकरे ब्रांड’ ही मुंबई की ढाल है।

Related Articles

Back to top button