राज्यहरियाणा

हरियाणा के मंत्री अनिल विज का बयान: हिंदुस्तान के घोड़े और पाकिस्तान के गधे मशहूर

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने मंगलवार को अपने निवास पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हिंदुस्तान के घोड़े और पाकिस्तान के गधे हमेशा से मशहूर रहे हैं। उन्होंने इशारों में कहा कि पाकिस्तान और चीन की दोस्ती गधों के कारोबार के कारण है, जबकि हिंदुस्तान में घोड़ों की नस्लें ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से प्रसिद्ध हैं। विज ने कहा कि पाकिस्तान में 60.47 लाख गधों की आबादी है, जो दुनिया में तीसरी सबसे बड़ी है। इन गधों की खाल से चीन में पारंपरिक दवा और सौंदर्य उत्पाद ‘ई-जियाओ’ बनाया जाता है, जिससे दोनों देशों के व्यापारिक संबंध मजबूत हुए हैं।

विज ने हिंदुस्तान की घोड़ा नस्लों जैसे मारवाड़ी, काठियावाड़ी, मणिपुरी पोनी, स्पीति, भूटिया और जंस्करी का जिक्र किया। उन्होंने ऐतिहासिक घोड़ों जैसे महाराणा प्रताप के चेतक, छत्रपति शिवाजी के कृष्णा और हम्मीर देव चौहान के बादल का उल्लेख करते हुए कहा कि ये घोड़े भारत के गौरवशाली इतिहास का हिस्सा हैं।

प्रदूषणकारी वाहनों पर कार्रवाई
दिल्ली में 15 साल पुराने पेट्रोल और 10 साल पुराने डीजल वाहनों को पेट्रोल पंप पर तेल न मिलने के सवाल पर विज ने कहा कि सरकार प्रदूषण मानकों से अधिक प्रदूषण करने वाले वाहनों पर धीरे-धीरे रोक लगा रही है। परिवहन विभाग की ऐप में हर वाहन का डेटा उपलब्ध है, जिसमें वाहन की आयु, टैक्स और खरीद की जानकारी शामिल है। पेट्रोल पंप पर कैमरे के जरिए वाहन की पहचान कर यह तय किया जाता है कि वह मानकों को पूरा करता है या नहीं।

रेलवे किराया वृद्धि पर प्रतिक्रिया
भारतीय रेलवे द्वारा प्रति किलोमीटर दो पैसे की किराया वृद्धि पर विज ने कहा कि यह कई वर्षों बाद की गई मामूली बढ़ोतरी है। उन्होंने तर्क दिया कि महंगाई दर की तुलना में यह वृद्धि नगण्य है।

कोलकाता रेप केस पर तीखी टिप्पणी
कोलकाता लॉ कॉलेज में एक छात्रा के साथ सामूहिक बलात्कार के मामले पर विज ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस राज्य की मुख्यमंत्री महिला हो, वहां महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने इशारा करते हुए कहा कि इस तरह के मामले सरकारी संरक्षण के बिना नहीं हो सकते।

Related Articles

Back to top button