Uncategorizedराज्यहरियाणा

हरियाणा- पंजाब में 43 हजार नौकरियां दी हैं- मान

पंजाब की जनता ने आम आदमी पार्टी को मौका दिया तो पार्टी ने दिखा दिया कि काम कैसे किया जाता है और युवाओं को रोजगार कैसे दिया जाता है। ये बातें पंजाब के मुख्यमंत्री व आप के वरिष्ठ नेता भगवंत मान ने रविवार को सोनीपत में एक रैली को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए मान ने कहा कि पंजाब की जनता ने भाजपा-अकाली गठबंधन व कांग्रेस को तीन-चार मौके दिए, लेकिन पंजाब का विकास नहीं हुआ। आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल को पंजाब की जनता ने एक मौका दिया। इसी का परिणाम है कि पंजाब के युवाओं को 43 हजार नौकरियां दी हैं। किसी को शक हो तो फोन करके पूछ लो। नौकरी के नाम पर किसी से एक रुपया भी नहीं लिया गया। 

भगवंत मान सोनीपत में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कांग्रेस व भाजपा पर जमकर जुबानी हमला किया। मान ने कहा कहा कि इन पार्टियों ने देश व प्रदेश को लूटने का काम किया है। इन पार्टियों की वजह से नेताओं से लोगों का विश्वास उठ गया है। इनसे हाथ मिलाओ तो हाथों की उंगलियां गिननी पड़ती हैं, कहीं उंगली न ले गया हो। हमारी तीन-तीन पीढ़ियां इन पार्टियों ने लूटी हैं, लेकिन अब नहीं लुटना है। एक मौका आम आदमी पार्टी को देकर देखना चाहिए। 

मान ने कहा अब चुनाव का समय आ गया है, यह लोग पैसे लेकर आएंगे, पैसे से मना मत करना लेकिन वोट झाड़ू के निशान पर देनी है। पहले कीचड़ में कमल खिल  रहा था, लेकिन झाड़ू ने आकर दिल्ली व पंजाब में ऐसी सफाई की है कि कीचड़ होने ही नहीं दिया और कमल को खिलने का मौका ही नहीं दिया। 

उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस व भाजपा राज करके चली जाती है, लेकिन जनता के दर्द का इलाज नहीं हो रहा, ऐसे में एक मौका आम आदमी पार्टी को देना चाहिए। अरविंद केजरीवाल देश के सिपाही हैं, वे जेल से नहीं डरता। सोना भट्टियों में से कुंदन बनकर निकलता है। सरकारी स्कूलों की हालत सुधारनी है, बिजली फ्री चाहिए तो जनता को आम आदमी पार्टी के साथ आना चाहिए। नियत अच्छी हो तो सब कुछ हो सकता है। 

मोदी व खट्टर के डबल इंजन पर उन्होंने कहा कि अब खट्टर का इंजन खटारा हो गया तो यह तीसरा इंजन ले आए। उन्होंने कहा कि यह लोग यही खेल खेलते हैं, लेकिन जनता को जागना होगा। अपने बच्चों को पढ़ाएं और उन्हें नौकरी के लायक बनाएं। आम आदमी पार्टी पंजाब व दिल्ली की तर्ज पर हरियाणा का विकास करेगी।

Related Articles

Back to top button