राज्यहरियाणा

हरियाणा में गैस सिलिंडर की अफवाहों ने मचाया हड़कंप, सुबह-सुबह दौड़ते नजर आए उपभोक्ता

बहादुरगढ़ में स्थिति और गंभीर दिखी, जहां सुबह 7 बजे से ही एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लगी रहीं। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक शामिल थे। लोगों का कहना था कि वे घंटों से इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि बुकिंग के बाद भी डिलीवरी नहीं हो रही।

हरियाणा के कई शहरों में रसोई गैस सिलेंडर की कथित कमी की अफवाहों ने लोगों में खलबली मचा दी है। शनिवार सुबह से ही टोहाना, झज्जर और बहादुरगढ़ समेत कई इलाकों में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग गईं। बुजुर्ग, महिलाएं और यहां तक कि बच्चे भी सिलेंडर लेकर दौड़ते हुए एजेंसियों की ओर भागते दिखे, जबकि कुछ जगहों पर लाइन में जगह लेने को लेकर आपसी बहसें भी हुईं।

टोहाना में गैस एजेंसी खुलने की सूचना मिलते ही लोग सिलेंडर थामे दौड़ पड़े। पहले काउंटर पर पर्ची लेने की होड़ मची, फिर सिलेंडर लेकर लोग घर लौट गए। एजेंसी मालिक मोहित ने बताया कि कोई कमी नहीं है, लेकिन अफवाहों के चलते लोग घबराहट में पैनिक खरीदारी कर रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी उपभोक्ताओं को आराम से सिलेंडर मिलेगा और किसी को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

झज्जर के कोसली रोड पर सुबह 7 बजे से ही लगभग 300 लोगों की लाइन लग गई। महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गईं, लेकिन इसके बावजूद जगह और नंबर को लेकर बहसें होती रहीं। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। खुफिया तंत्र भी सुबह से स्थिति का जायजा लेता रहा।

बहादुरगढ़ में स्थिति और गंभीर दिखी, जहां सुबह 7 बजे से ही एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लगी रहीं। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक शामिल थे। लोगों का कहना था कि वे घंटों से इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि बुकिंग के बाद भी डिलीवरी नहीं हो रही। शहर में घरेलू गैस की किल्लत बरकरार है, जिससे कई परिवार परेशान हैं। यह संकट मुख्य रूप से पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के कारण वैश्विक सप्लाई चेन प्रभावित होने की अफवाहों से जुड़ा माना जा रहा है। हालांकि हरियाणा सरकार और तेल कंपनियों का कहना है कि घरेलू एलपीजी की सप्लाई सामान्य है और स्टॉक पर्याप्त है।

Related Articles

Back to top button