राज्यहरियाणा

हरियाणा में घनी धुंध छाने से वाहन चालकों को भारी परेशानी

हरियाणा में सोमवार सुबह अधिकांश क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहा। कई जगहों पर विजिबिलिटी शून्य रही। घने कोहरे के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी हुई। झज्जर में पांच दिनों की राहत के बाद सोमवार सुबह घने कोहरे के साथ हुई। दृश्यता शून्य होने के कारण वाहन रेंग-रेंग कर चल रहे थे। सोमवार को अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिसंबर रहा शुष्क

फिलहाल हरियाणा, एनसीआर, दिल्ली में पिछले दो महीनों से आमतौर पर मौसम शुष्क बना हुआ है और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से सम्पूर्ण इलाके में लगातार तापमान में उतार चढ़ाव और ठंड के मिजाज में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया दिसम्बर महीने में एक के बाद एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से हरियाणा, एनसीआर, दिल्ली में मौसम परिवर्तन शील बना रहा। साथ ही साथ ही साथ तापमान में उतार-चढ़ाव के साथ मौसम आमतौर पर शुष्क बना रहा। 18 साल में पहली बार दिसम्बर महीना बिल्कुल शुष्क रहा।

रोहतक में भी छाई रही घनी धुंध

वहीं, रोहतक में कोहरा पड़ने से जनजीवन प्रभावित हुआ। सोमवार सुबह करीब नौ बजे घना कोहरा छाया रहा। इसके साथ वाहनों की गति भी धीमी होती दिखाई दी। सड़क दृश्यता 10 प्रतिशत रही। न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह के समय शहर का वायु गुणवत्ता सुचकांक 208 दर्ज किया गया।

नए साल में बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने 10 जिलों में शीतलहर की संभावना जताई है। इनमें महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, फरीदाबाद, गुरुग्राम, झज्जर, हिसार, रोहतक, जींद, भिवानी और चरखी दादरी जिले शामिल हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, भिवानी में सबसे ज्यादा तापमान रहा। रविवार दोपहर को यहां 23.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं, हिसार सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, 31 दिसंबर तक मौसम शुष्क और घनी धुंध वाला रहने वाला है। वहीं, 1 जनवरी यानी नए साल पर बारिश की संभावना है। वहीं, पहाड़ों पर बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में देखने को मिलेगा।

Related Articles

Back to top button