जीवनशैली

हर किसी के लिए फायदेमंद नहीं हैं चिया सीड्स

सुपरफूड्स की बात हो, तो चिया सीड्स का नाम सबसे पहले लिया जाता है। आजकल हर कोई इन्हें अपनी डाइट में शामिल करना चाहता है। स्मूदी बाउल से लेकर डिटॉक्स वॉटर तक, लोग इन्हें कई तरीकों से इन्हें अपनी डाइट में शामिल कर रहे हैं।

ये सीड्स काफी पौष्टिक जरूर होते हैं, लेकिन जरूरी नहीं कि ये सभी के लिए फायदेमंद साबित हों। कुछ लोगों को चिया सीड्स नहीं खाने चाहिए या बहुत सावधानी से इन्हें डाइट में शामिल करना चाहिए, वरना नुकसान हो सकता है। आइए जानें इस बारे में।

पेट में गैस या ब्लोटिंग की समस्या वाले लोग
अगर आपको अक्सर गैस, ब्लोटिंग या पाचन से जुड़ी समस्याएं रहती हैं, तो चिया सीड्स आपको नुकसान पहुंचा सकते हैं। दरअसल, ये बीज पानी में डालते ही फूल जाते हैं, जिससे पेट की समस्या वाले लोगों में ऐंठन या गैस की शिकायत हो सकती है। इसलिए बेहतर है कि शुरुआत में सिर्फ आधे चम्मच से शुरू करें और देखें कि आपका पेट कैसे रिएक्ट करता है।

ब्लड थिनर लेने वाले
जो लोग खून पतला करने वाली दवाएं ले रहे हैं, उन्हें चिया सीड्स या तो बिल्कुल नहीं खाने चाहिए या बिल्कुल सीमित मात्रा में ही खाना चाहिए। चिया सीड्स में मौजूद ओमेगा-3 इन दवाओं को बेअसर कर सकता है, जिससे ब्लीडिंग का खतरा बढ़ जाता है।

लो ब्लड प्रेशर के मरीज
चिया सीड्स में अल्फा-लिनोलेनिक एसिड और पोटैशियम भरपूर मात्रा में होते हैं, जो ब्लड प्रेशर कम करने में मदद करते हैं। अगर आपको पहले से ही लो ब्लड प्रेशर की समस्या रहती है, तो चिया सीड्स खाना आपके लिए नुकसानदेह हो सकता है। लो ब्लड प्रेशर के मरीजों में इसके कारण चक्कर आने जैसी परेशानियां हो सकती हैं।

किडनी के मरीज
चिया सीड्स में पोटैशियम और फॉस्फोरस भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं। किडनी के मरीजों के लिए यह काफी नुकसानदेह हो सकता है। जब किडनी ठीक से काम नहीं करती, तब पोटैशियम और फॉस्फोरस किडनी में जमा होकर स्टोन्स बना सकते हैं। इसलिए किडनी की बीमारी से जूझ रहे मरीजों को चिया सीड्स खाने से बचना चाहिए।

एलर्जी से परेशान लोग
अगर आपको सरसों, तिल या अलसी के बीजों से एलर्जी है, तो चिया सीड्स से भी आपको क्रॉस-रिएक्शन हो सकता है। इसके कारण रैशेज, सांस लेने में तकलीफ और खुजली जैसे लक्षण नजर आ सकते हैं। इसलिए अगर आपको इन सीड्स से एलर्जी है, तो चिया सीड्स खाने से परहेज करें।

Related Articles

Back to top button