होली पर घर जाना होगा आसान, रेलवे चलाएगा दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनें

त्योहार पर यात्री लोड कम करने के लिए रेलवे ने दो जोड़ी होली विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। यह ट्रेनें गोविंदपुरी से होकर शकूरबस्ती -धनबाद और पटना-नई दिल्ली के बीच चलेंगी। इसके अलावा, पूर्व में चल रही 11 जोड़ी ट्रेनों के संचालन अवधि में विस्तार किया गया है और दो जोड़ी ट्रेनों के ठहराव के स्टेशन में बदलाव हुआ है। इनमें से कई कानपुर से होकर जाती हैं।
उत्तर-मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि पटना-नई दिल्ली 03293 पांच से 15 मार्च तक प्रतिदिन पटना से रात नौ बजे रवाना होकर विभिन्न स्टेशन होते हुए अगले दिन सुबह 04:40 बजे गोविंदपुरी आएगी। यहां से पांच मिनट बाद 04:45 बजे रवाना होकर दोपहर 12:50 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। इसकी रिवर्स 03294 नई दिल्ली से छह से 16 मार्च तक प्रतिदिन दोपहर 02:15 बजे रवाना होकर रात 10:50 बजे गोविंदपुरी आएगी।
सुबह नौ बजे आएगी गोविंदपुरी
यहां से पांच मिनट बाद 10:55 बजे रवाना होकर विभिन्न स्टेशन होते हुए अगले दिन दोपहर 12:25 बजे पटना पहुंचेगी। इसमें एसएलआर का एक, एसएलआर का एक, सामान्य के दो, स्लीपर के चार, एसी तृतीय के सात, इकोनॉमी के सात सहित कुल 22 कोच होंगे। ट्रेन नंबर- 03639 धनबाद से छह से नौ मार्च तक हर सोमवार और शुक्रवार को चलेगी। यह धनबाद से शाम 06:30 बजे रवाना होकर विभिन्न स्टेशन होते हुए अगले दिन सुबह नौ बजे गोविंदपुरी आएगी।
ट्रेन में कुल 24 कोच होंगे
यहां से पांच मिनट बाद 09:05 बजे रवाना होकर दिल्ली होते हुए रात 06:10 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी। इसकी रिवर्स 03640 शकूरबस्ती से सात से दस मार्च तक हर मंगलवार ओर शनिवार को चलेगी। यह शकूरबस्ती से रात 09:10 बजे रवाना होकर दिल्ली होते हुए अगले दिन सुबह 07:40 बजे गोविंदपुरी आएगी। यहां से पांच मिनट बाद 07:45 बजे रवाना होकर विभिन्न स्टेशन होते हुए रात 11:45 बजे धनबाद पहुंचेगी। इसमें एसएलआर के दो, सामान्य के चार, स्लीपर के दस, एसी तृतीय के दह, एसी द्वितीय के दो सहित कुल 24 कोच होंगे।
कई और ट्रेनों का संचालन भी बढ़ाया
साप्ताहिक चलने वाली 09066 छपरा-सूरत पहले 25 फरवरी तक, 09465 अहमदाबाद-दरभंगा 27 फरवरी तक, 09466 दरभंगा-अहमदाबाद दो मार्च तक, 09447 अहमदाबाद-पटना 25 फरवरी तक, 09448 पटना-अहमदाबाद 27 फरवरी तक चलनी थी। अब यह सभी मार्च तक चलेंगी। इसी तरह कानपुर से होकर जाने वाली साप्ताहिक 05559 रक्सौल-उधना सात मार्च तक, 05560 उधना-रक्सौल सात मार्च तक चलेंगी। मंगलवार, शनिवार चलने वाली 03309 धनबाद-दिल्ली सात से दस मार्च तक, बुधवार, रविवार चलने वाली 03310 दिल्ली-धनबाद आठ से 11 मार्च तक चलेगी। कई और ट्रेनों का संचालन भी बढ़ाया गया है।
गोविंदपुरी पर दिया गया ठहराव
ट्रेन नंबर-03257 का ठहराव पहले कानपुर सेंट्रल स्टेशन था जो अब गोविंदपुरी किया गया है। यह शाम साढ़े चार बजे गोविंदपुरी आकर 04:40 बजे रवाना होगी। इसकी रिवर्स 03258 भी अब सेंट्रल स्टेशन की जगह गोविंदपुरी पर 12:20 बजे आकर पांच मिनट बाद 12:30 बजे रवाना होगी। कानपुर से होकर जाने वाली 03257 और 03258 अब प्रयागराज स्टेशन की जगह सूबेदारगंज पर पांच मिनट का ठहराव लेगी।
सोनागिर में एक से 10 मार्च तक रुकेंगी ट्रेनें
सोनागिर में लगने वाले वार्षिक मेले में दूरदराज से लोग जाते हैं। इसके मद्देनजर कई ट्रेनों का ठहराव सोनागिर स्टेशन पर अस्थायी रूप से देने का फैसला किया गया है। एक से 10 मार्च तक कानपुर से होकर गुजरने वाली ग्वालियर-बरौनी सहित कई ट्रेनें आने-जाने में सोनगिरी रुकेंगी। इनमें 11107-11108 ग्वालियर-बनारस एक्सप्रेस, 11123- 111124 ग्वालियर- बरौनी एक्सप्रेस हैं।
होली से पहले और बाद तक नो-रूम
होली का त्योहार तीन मार्च को है लेकिन दिल्ली और मुंबई रूट से कानपुर आने वाली ट्रेनों में अभी से नो-रूम हो गया है। लंबी वेटिंग भी दिखा रहा है। इस वजह से त्योहार पर अपने घर आने वाले लोगों को दिक्कत उठानी पड़ रही है। ऐसा ही हाल होली बाद कानपुर से इन रूटों पर जाने वाली ट्रेनों का भी है। लोगों को अब सिर्फ त्योहार स्पेशल ट्रेनें ही सहारा है। ट्रेन नंबर- 22538 कुशीनगर एक्सप्रेस, 12534 पुष्पक एक्सप्रेस, 20434 जम्मू मेल नेताजी एक्सप्रेस में, नीलांचल, 12303 पूर्वा एक्सप्रेस, 12417 प्रयागराज एक्सप्रेस सहित अन्य में ऐसी ही स्थिति है।




