
उत्तराखंड में इस साल प्री-मानसून की बारिश ने मई के साथ अब जून की गर्मी से भी राहत दिलाई है। साथ ही बीते 10 सालों में यह पहली बार है कि जून के पहले सप्ताह में मौसम इतना ठंडा हुआ है।
पर्वतीय इलाकों में जहां एक बार गर्म कपड़े बाहर निकल गए तो मैदानी इलाकों में एसी बंद हो गए। अकेले दून की बात करें तो जून में दूसरी बार अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री नीचे दर्ज किया गया। इससे पहले भी बीते मंगलवार को दून का अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री गिरावट के साथ 27.6 डिग्री रहा था। जबकि, रात का न्यूनतम तापमान 10 सालों का सबसे कम 17.3 डिग्री रहा।
बुधवार सुबह हुई बारिश से दून का अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री गिरावट के साथ 27.7 डिग्री रहा। ऐसा ही हाल प्रदेश के अन्य इलाकों में रहा। इससे पहले बीती 25 मई को भी दून के अधिकतम तापमान में सामान्य से आठ डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई थी।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में हुई बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में पड़ा है। इसके चलते मैदानी इलाकों में रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से नीचे रहा। जबकि, प्री-मानसून की बारिश में भी इस बार इजाफा हुआ है। इसके अलावा मौसम के बदले पैटर्न और जलवायु परिवर्तन की वजह से इस तरह के बदलाव देखे जा रहे हैं।
आज भी बारिश के आसार
आज के मौसम की बात करें तो दून के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। साथ ही तेज हवाएं और गर्जन के भी आसार हैं। जबकि, दिन का अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री रहने के आसार हैं।
दून का 10 साल में इतना रहा न्यूनतम तापमान
साल न्यूनतम तापमान तिथि
2015 19.4 26, 29 जून
2016 20.1 6 जून
2017 19.5 1, 10 जून
2018 18.4 2 जून
2019 19.0 18 जून
2020 19.1 1 जून
2021 19.0 12 जून
2022 19.0 19 जून
2023 18.2 1 जून
2024 21.2 2 जून