बिहार विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा का ट्विटर अकाउंट हैक, शिकायत दर्ज

विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा का ट्विटर अकाउंट साइबर अपराधियों ने हैक कर लिया। गुरुवार की देर रात तीन बजे साइबर अपराधियों ने उनके ट्विटर अकाउंट को टारगेट किया। 36 घंटे से अधिक समय तक अकाउंट हैक रहने के बाद शनिवार को उसे रिकवर किया गया। 

इस बाबत विधानसभा अध्यक्ष ने गांधी मैदान थाने में एफआईआर दर्ज करवायी थी। दरअसल शुक्रवार की सुबह जब विधानसभा अध्यक्ष ने अपना ट्विटर अकाउंट देखा तो उसमें गड़बड़ी होने का पता चला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इस दौरान हैकरों ने उनके अकाउंट से तस्वीर हटा दी थी। वहीं आपत्तिजनक कंटेट भी डाल दिये थे। 

इस हाईप्रोफाइल मामले की तहकीकात के दौरान पुलिस शनिवार को अकाउंट रिकवर करने में सफल रही। विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि उन्हें जैसे ही अकाउंट के हैक होने की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी खबर दी। साइबर अपराधियों का पता लगाने के निर्देश जांच कर रही पुलिस टीम को दिये गये हैं। 

सिंगापुर से है अकाउंट हैक का कनेक्शन

विधानसभा अध्यक्ष के अकाउंट हैक होने का कनेक्शन सिंगापुर से जुड़ रहा है। तफ्तीश के दौरान ये बातें सामने आयी हैं। पुलिस की जाच पूरी होने के बाद ही इस बाबत खुलासा होगा। जांच में पुलिस ट्विटर का सहयोग भी लेगी।