दिल्ली में बदला मौसम का मिजाज, अगले 2 घंटे में गरज के साथ बारिश की संभावना

दिल्ली एनसीआर में बुधवार देर चलीं तेज हवाओं से मौसम का मिजाज बदल गया है। गुरुवार सुबह कई इलाकों में बारिश हुई, जिसके बाद ठंड बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो घंटों (सुबह 7 बजे जारी) के दौरान पूरी दिल्ली और एनसीआर के अलग-अलग स्थानों के आसपास के क्षेत्रों में हल्की होने के आसार हैं। इस दौरान हवा की गति करीब 20-30 किमी प्रतिघंटा रहेगी। 

गुरुवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। जबकि, शुक्रवार के दिन भी हल्की बारिश हो सकती है। इसके चलते गुरुवार दिन न्यूनतम तापमान में तो थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है लेकिन दिन के अधिकतम तापमान में तीन डिग्री तक की गिरावट हो सकती है। इसके बाद फिर शनिवार को वापस धूप खिलेगी। बताया गया है कि 6 से 8 फरवरी के बीच अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री के आसपास रहेगा।

इससे पहले बुधवार को दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में हल्का कोहरा छाया रहा। हालांकि, दिन निकलने के साथ ही कोहरा साफ हो गया और धूप निकल आई। इसके चलते दिन के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में इजाफा दर्ज किया गया। दिल्ली के सफदरजंग मौसम केन्द्र में दिन का अधिकतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो कि सामान्य से एक डिग्री ज्यादा था। जबकि, न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है। यहां पर आर्द्रता का स्तर 95 से 36 फीसदी तक रही।

इसके अलावा उत्तराखंड व हिमाचल प्रदेश में गुरुवार और शुक्रवार को बर्फबारी व भारी बारिश के साथ ओले भी गिरने की संभावना है। इसके कारण दोनों राज्यों में 3 फरवरी को आरेंज अलर्ट और उत्तराखंड में 4 फरवरी को आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।