बीजेपी का हेमंत सोरेन सरकार पर हमला

दुमका की एक बेटी को पेट्रोल से जिंदा जला कर हत्या देने की घटना में शाहरुख और नईम की संलिप्तता सामने आने के बाद से ही सियासत गर्म है। भाजपा इसे हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ मुद्दा बनाई हुई है। इस बीच शनिवार को अब एक आदिवासी लड़की के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर देने की घटना ने आग में घी का काम किया है। जैसे ही यह बात सामने आई कि शुक्रवार को जिस किशोरी का शव पेड़ से टंगा मिला था,वह एक गरीब आदिवासी लड़की है और दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या करने का आरोपी अरमान नाम का एक राजमिस्त्री है। इधर भाजपा के बड़े नेता ट्वीट और रि-ट्वीट कर दुमका की गिरती कानून व्यवस्था पर सरकार पर निशाना साध रहे हैं।

गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने कहा, ‘पहले शाहरुख फिर अमानत अली और अब अरमान अंसारी ये सब भारत के नहीं होंगे। जरूर उस पार से आए होंगे। इसकी जांच एनआईएस से होनी चाहिए।’

गांव पहुंचा शव, नाराज ग्रामीणों ने जाम की सड़क

दोपहर बाद ही लड़की का शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया। शाम में एंबुलेंस से शव रानेश्वर प्रखंड क्षेत्र स्थित उसके गांव में पहुंचा तो माहौल गमगीन हो गया। गांव की बेटी के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दिए जाने से ग्रामीणों में काफी नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने विरोध में दुमका-सिउड़ी मुख्य पथ को थोड़ी देर के लिए जाम किया पर प्रशासन ने समझा-बुझाकर हटा दिया। उसके बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया। नाराज लोगों ने हत्यारे को गिरफ्तार कर फांसी की सजा दिलाने की मांग पुलिस प्रशासन से की है।

आदिवासी बच्चियों पर अत्याचार कब थमेगा बाबूलाल

भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड की आदिवासी बच्चियों पर अत्याचार का ये सिलसिला कब थमेगा। दुमका में एक और नाबालिग आदिवासी बच्ची राज्य की ध्वस्त हो चुकी कानून व्यवस्था की भेंट चढ़ गई। जेहादी तत्व सुनियोजित तरीके से संथाल के सांस्कृतिक ढांचे की कब्र खोद रहे हैं और आपकी नींद नहीं खुल रही है। मिल रही जानकारी के मुताबिक अरमान के जिहादी अरमानों का शिकार हुई यह संताल आदिवासी बच्ची महज 14 साल की थी। इस मामले में लव जिहाद के इंटरनेशनल नेटवर्क से जुड़े होने की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता।

सरकार कर रही एक समुदाय विशेष का तुष्टीकरण सुनील सोरेन

दुमका सांसद सुनील सोरेन आदिवासी किशोरी के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की घटना की जानकारी मिलते ही शनिवार को रानेश्वर में पीड़िता के गांव में पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मिले। उन्होंने गांव से ही उपायुक्त से फोन पर बातचीत कर कहा कि इस मामले का फास्ट ट्रैक कोर्ट चला कर आरोपी को फांसी की सजा दिलाई जाए। सांसद ने इस घटना पर आक्रोश जताते हुए कहा कि हेमंत सरकार की लचर रवैया की वजह से लगातार ऐसी घटना हो रही है। सरकार के द्वारा एक समुदाय विशेष के लोगों की तुष्टिकरण की वजह वे बेलगाम हो गए हैं। सांसद सुनील सोरेन ने कहा कि काफी संख्या में बांग्लादेशी नागरिक राजमिस्त्री और लेबर के तौर पर पूरे संथाल परगना में अपना डेरा जमा चुके हैं। इन्हें एक अभियान चलाकर खदेड़ने की जरूरत है। सांसद ने सरकार से रानीश्वर के इस गरीब परिवार के लिए उचित मुआवजा की मांग की।

बाबूलाल आज पीड़िता के परिजनों से मिलेंगे

पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी 4 सितंबर को दुमका पहुचंगे। यह जानकारी देते हुए भाजपा के मीडिया प्रभारी पिंटु अग्रवाल ने बताया कि मरांडी श्रीआमड़ा में आदिवासी लड़की के परिजनों से मिलने रानेश्वर जाएंगे।

Indian Letter

Learn More →