दूसरे चरण के नगरीय निकाय चुनाव में एक नगर पंचायत अध्यक्ष सहित कुल 77 पदों पर प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए

दूसरे चरण के नगरीय निकाय चुनाव में एक नगर पंचायत अध्यक्ष सहित कुल 77 पदों पर प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इनमें गौतमबुद्धनगर की नगर पंचायत रबूपुरा के अध्यक्ष के साथ ही अलीगढ़ नगर निगम के पांच, मेरठ के तीन, गाजियाबाद नगर निगम के एक पार्षद निर्विरोध चुने गए हैं। निर्विरोध निर्वाचन के बाद अब कुल 6929 पदों के लिए 39,146 उम्मीदवार मैदान किस्मत आजमा रहे हैं। दूसरे चरण का मतदान 11 मई को होगा।

राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार ने बताया कि विभिन्न जनपदों में 31 नगर पालिका सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इनमें एटा से सात, बदायूं से पांच, बुलंदशहर से चार, इटावा से तीन, कानपुर नगर, कासगंज, बागपत से दो-दो, कन्नौज, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, मीरजापुर, सुलतानपुर एवं हापुड़ से एक-एक सदस्य शामिल हैं।

इसी प्रकार नगर पंचायतों में 36 निर्विरोध सदस्य चुने गए हैं। इनमें गौतमबुद्धनगर से 16, एटा से तीन, आजमगढ़, बांदा, कासगंज, फर्रुखाबाद, अलीगढ़ एवं हाथरस से दो-दो, बुलंदशहर, बाराबंकी, सिद्धार्थनगर, पीलीभीत एवं हमीरपुर से एक-एक सदस्य शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि दूसरे चरण के 38 जिलों में सात नगर निगमों के मेयर, 590 नगर निगम वार्ड, 95 नगर पालिका परिषद अध्यक्ष, 2551 सदस्य, 268 नगर पंचायत अध्यक्ष एवं 3495 सदस्य यानी कुल 370 निकायों एवं 6636 वार्डों में 7006 पदों का चुनाव कराया जा रहा है। इनमें से 77 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।

आयुक्त ने बताया कि सात मेयर पदों के लिए 83 उम्मीदवार मैदान में हैं। 581 पार्षदों के लिए 3840 उम्मीदवार हैं। 95 नगर पालिका अध्यक्षों के लिए 969 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। 2520 सदस्यों के 13315 उम्मीदवार तथा 267 नगर पंचायत अध्यक्षों के पद के लिए 2942 उम्मीदवार हैं। 3459 नगर पंचायत सदस्यों के लिए 17997 उम्मीदवार मैदान में हैं।

Pmc Publish

Learn More →