मुख्यमंत्री योगी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में केंद्र सरकार की नौ वर्ष की उपलब्धियां गिनाते हुए विपक्ष पर निशाने साधा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में केंद्र सरकार की नौ वर्ष की उपलब्धियां गिनाते हुए विपक्ष को निशाने पर लिया।

This image has an empty alt attribute; its file name is %E0%A4%A6%E0%A5%8D%E0%A4%AB%E0%A5%8D%E0%A4%B9%E0%A5%8D%E0%A4%97%E0%A4%AC%E0%A5%8D%E0%A4%AB%E0%A5%8D%E0%A4%B5.jpg

मुख्यमंत्री जगतपुर इंटर कालेज परिसर में केंद्र सरकार की नौ वर्ष की उपलब्धियों को लेकर आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जेपी और लोहिया का नाम भुनाने वाले आज कांग्रेस के साथ मिलकर प्रधानमंत्री मोदी खिलाफ षडयंत्र रच रहे है, लेकिन जनता सब जानती है और 2024 में इसका मुंहतोड़ जवाब देगी।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में यह नौ वर्ष उपलब्धियों से भरे हैं। 1947 से 2014 तक देश में 74 एयरपोर्ट थे। नौ वर्ष में ही 74 नए एयरपोर्ट बन गए हैं। प्रदेश में 12 मेडिकल कालेज थे। नौ वर्ष में 59 मेडिकल कालेज बने हैं।

मोदी सरकार में 22 एम्स का हुआ निर्माण

प्रदेश वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कालेज के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। पहले देश में छह एम्स थे। मोदी सरकार में 22 नए एम्स का निर्माण हुआ है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिकी यात्रा की चर्चा करते हुए कहा कि सभी ने टीवी और और अन्य स्रोतों से देखा-सुना कि मोदी के स्वागत के लिए अमेरिकी सीनेट कैसे उतावली दिखाई दे रही थी। मिस्र ने प्रधानमंत्री को सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया।

आज विश्व के सभी देश हमारे प्रधानमंत्री को सम्मान देने के लिए लालायित हैं। यह नए भारत की नई पहचान है। वैश्विक मंच पर भारत को मिल रहा यह सम्मान, सामान्य नहीं है। यह भारत के 140 करोड़ लोगों को अपना मस्तक विश्व के मंच पर गौरव के साथ उठाने का अवसर देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा को अवसर में बदलने की क्षमता सिर्फ मोदी में है। प्रधानमंत्री ने अगुआई में आतंकवाद, नक्सलवाद, उग्रवाद पर नकेल कसी गई। वाराणसी में हुए विकास को गिनाते हुए कहा कि यहां वायु और सड़क मार्ग की कनेक्टिविटी बढ़ी है। पहले जाम की समस्या के कारण लोग काशी आने में डरते थे। आज चौड़ी, साफ सुथरी सड़कें लुभा रही हैं।

दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था

जी-20 बैठक में आए विभिन्न देशों के मेहमानों ने यहां की व्यवस्था को सराहा। उपलब्धियां गिनाते हुए योगी ने वाराणसी से हल्दिया तक शुरू हुए देश के पहले इनलैंड वाटर-वे और कैंसर हास्पिटल में पिछले तीन साल में 72,000 लोगों के इलाज का उल्लेख भी किया। उन्होंने कहा कि भारत पर 200 वर्षों तक शासन करने वाले इंग्लैंड को पछाड़ कर दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थवस्था बन गया है।

दुनिया के लिए मोदी माडल आकर्षण का केंद्र बन गया है। पीएम के मिशन से जुड़कर भारत को 2027 तक विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाना है। केंद्रीय मंत्री डा. एसपी सिंह बघेल ने विपक्षी दलों के गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि वे सिर्फ सत्ता हासिल करने के ऐसा कर रहे है। इस तरह के गठबंधन से सावधान रहें।

Pmc Publish

Learn More →