
लाइसेंसधारी कोयला विक्रेता से 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़े गए खनन विभाग के उप निदेशक देवव्रत महांति की गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस की छापेमारी में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।
भुवनेश्वर स्थित उनके फ्लैट से 4 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी बरामद की गई है। ट्रॉली बैगों और अलमारियों में छिपाकर रखे गए इस काले धन की गिनती जारी है।
विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, यह ओडिशा विजिलेंस के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी नकद बरामदगी मानी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, महांति को सोमवार रात लाइसेंस प्राप्त कोयला विक्रेता से 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया था।
गिरफ्तारी के तुरंत बाद विजिलेंस की टीम ने एक साथ उनके भुवनेश्वर स्थित फ्लैट, भद्रक स्थित पैतृक आवास और कटक स्थित कार्यालय कक्ष में छापेमारी शुरू की।
छापेमारी के दौरान भुवनेश्वर के पाटिया इलाके में स्थित उनके फ्लैट से ट्रॉली बैग और अलमारियों में छिपाकर रखी गई 4 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी बरामद की गई। नकदी की गिनती अभी जारी है, जिसके बाद सटीक राशि की पुष्टि की जाएगी।
ऑफिस की दराज से 1.20 लाख बरामद
अधिकारियों के अनुसार, यह बरामदगी अब तक की सबसे बड़ी मानी जा रही है। इसके अलावा, महांति के कार्यालय की दराज और उनके पास से 1.20 लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। विजिलेंस जांच में अब तक अन्य संपत्तियों का भी खुलासा हुआ है।
इनमें भुवनेश्वर के पहाल क्षेत्र में लगभग 2400 वर्गफुट में बना एक भव्य दो मंजिला मकान, करीब 130 ग्राम सोना शामिल है।
गौरतलब है कि एक लाइसेंसधारी कोयला व्यापारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका डिपो सुचारु रूप से चलाने तथा कोयला परिवहन से संबंधित अनुमति में सहयोग करने के बदले 30 हजार रुपये की मांग की जा रही है।
शिकायत की सत्यता परखने के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया।मंगलवार को पूर्व नियोजित योजना के तहत जैसे ही व्यापारी ने आरोपी अधिकारी को 30 हजार रुपये सौंपे, टीम ने मौके पर ही दबोच लिया।
रिश्वत की पूरी रकम आरोपी के कब्जे से जब्त कर ली गई। इस संबंध में भुवनेश्वर स्थित विजिलेंस थाने में भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल विजिलेंस की छापेमारी और जांच अभियान जारी है। अधिकारियों का कहना है कि आगे और भी संपत्तियों के उजागर होने की संभावना है। मामले में विस्तृत रिपोर्ट बाद में जारी की जाएगी।





