राज्य

CM केजरीवाल के खिलाफ टिप्पणी के मामले में भाजपा नेता हुए गिरफ्तार, बोले- हम नेहरू-इंदिरा से नहीं डरे तो आप क्या हो

आम आदमी पार्टी के प्रमुख व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ टिप्पणी के मामले में भाजपा नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है। बग्गा को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बग्गा को दिल्ली से मोहाली लाया जा रहा है, जहां उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। 

बग्गा की गिरफ्तारी पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा के पंजाब प्रदेश महासचिव डा. सुभाष शर्मा ने कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री भगवंत मान अपने दफ्तर में बाबा साहिब अंबेडकर और भगत सिंह की फोटो लगाते हैं, दूसरी तरफ वह अंग्रेजों की दमनकारी नीति को अपनाते हैं। बाबा साहिब ने संविधान में सबको बोलने के अधिकार दिया है, लेकिन पंजाब के सीएम भगवंत मान अरविंद केजरीवाल की कठपुतली बनकर रह गए हैं।

भाजपा नेता ने चुनौती देते हुए कहा, ”भगवंत मान तुसीं चीज की हो। भाजपा तो जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गांधी की इमरजेंसी से नहीं डरी।” वहीं, भाजपा महासचिव जीवन गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपने खिलाफ बोलने वाले लोगों को डराने के लिए पंजाब पुलिस का प्रयोग कर रहे हैं। पंजाब पुलिस केजरीवाल की टूल बनकर रह गई है।

जीवन गुप्ता ने कहा कि भाजपा नेता तजिंदर बग्गा की गिरफ्तारी इस बात को साबित करती है। एक तरफ पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है। रोजाना कत्ल हो रहे हैं, जबकि पंजाब पुलिस भाजपा नेताओं को डराने के लिए दिल्ली में केजरीवाल की मंशा को पूरा करने में जुटी हुई है। भाजपा न सिर्फ इसका विरोध करती है, बल्कि वह इससे डरने वाली पार्टी नहीं है।

Related Articles

Back to top button