महाराष्ट्रराज्य

मुंबई: CJI चंद्रचूड़ आज बॉम्बे हाईकोर्ट के नए परिसर की रखेंगे आधारशिला

मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ (CJI) आज मुंबई के बांद्रा ईस्ट में बॉम्बे हाईकोर्ट के नए परिसर की आधारशिला रखेंगे। इस कार्यक्रम के चलते मुंबई पुलिस अलर्ट पर है और बांद्रा ईस्ट के पास यातायात प्रतिबंध लगाए जाएंगे। पुलिस ने यात्रियों को परेशानी का सामना न करने के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की है।

कई मार्ग होंगे बंद, वैकल्पिक रास्ता चुनें
पुलिस के अनुसार, रामकृष्ण परमहंस मार्ग और जे.एल. शिरसेकर मार्ग को जोड़ने वाला न्यू इंग्लिश स्कूल रोड आज केवल उन लोगों के लिए खुला होगा जो कोर्ट के कार्यक्रम में जाएंगे। बाकी लोगों के लिए ये रास्ता बंद रहेगा। यात्रियों से वैकल्पिक मार्ग महात्मा गांधी विद्या मंदिर रोड लेने का अनुरोध किया गया है।

कैसा होगा बॉम्बे हाई कोर्ट का नया परिसर?
बॉम्बे हाई कोर्ट के नए परिसर में विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचा होगा, जिसमें अच्छी तरह से डिजाइन किए गए और विशाल कोर्ट रूम, जजों और रजिस्ट्री कर्मियों के लिए चैंबर होंगे। इसी के साथ एक मध्यस्थता केंद्र, एक सभागार, पुस्तकालय, साथ ही कर्मचारियों, वकीलों और वादियों के लिए कई सुविधाएं भी दी जाएंगी।

कोर्ट परिसर में ये सुविधाएं भी होंगी
योजना के तहत हितधारकों को बैंकिंग और दूरसंचार, चिकित्सा सुविधाएं, डिजिटलीकरण केंद्र, क्रेच, कैफेटेरिया, प्रतीक्षा क्षेत्र, बहुमंजिला कार पार्किंग, संग्रहालय और वकीलों के चैंबर जैसी सहायक सेवाओं तक पहुंच प्रदान की जाएगी। साथ ही डिजाइन में दिव्यांग हितधारकों के लिए सुविधाओं को भी ध्यान में रखा गया है।

Related Articles

Back to top button