राज्यहरियाणा

हरियाणा के नतीजों पर राहुल गांधी की पहली प्रतिक्रिया आई सामने

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के विधानसभा चुनावों को लेकर अपनी पहली टिप्पणी की है। हरियाणा में मिली हार पर राहुल गांधी ने एक्स पर अपने पोस्ट के माध्यम से कहा कि पार्टी अप्रत्याशित चुनाव परिणामों का विश्लेषण कर रही है। उन्होंने कहा कि “अनेक विधानसभा क्षेत्रों से आ रही शिकायतों को चुनाव आयोग के समक्ष रखा जाएगा।” राहुल गांधी ने सभी हरियाणावासियों और पार्टी के कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए लिखा “हम हरियाणा के बब्बर शेर कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम के लिए दिल से आभार व्यक्त करते हैं।”

बता दें कि हरियाणा विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीसरी बार सत्ता में वापसी की है, जहां भाजपा ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। यहां कांग्रेस को अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा, जिसकी पार्टी अब समीक्षा कर रही है।

कैसे रहे हरियाणा के चुनावी नतीजे?
हरियाणा में 48 सीट जीतकर भाजपा सत्ता बरकरार रखने और लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लिए तैयार है। कांग्रेस को 37 सीट पर जीत मिली है। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने दो सीटें जीतीं, जबकि निर्दलीय उम्मीदवारों को तीन सीट मिलीं। जननायक जनता पार्टी (जजपा) और आम आदमी पार्टी (आप) दोनों को चुनावों में कोई सफलता नहीं मिली।

Related Articles

Back to top button