राज्यहरियाणा

हरियाणा में फैला डेंगू, 10 दिन में 673 नए केस, सबसे ज्यादा पंचकूला में 1133 मामले

हरियाणा में डेंगू के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। औसतन रोजाना 67 से अधिक केस आ रहे हैं। अब तक प्रदेश में कुल केसों की संख्या बढ़कर 3354 हो गई है। अकेले दस दिन में ही 673 नए केस सामने आए हैं। खास बात ये है कि सरकार के तमाम दावों के बावजूद डेंगू के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं।

स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के अनुसार, अब तक निजी अस्पतालों में 2468 और सरकारी अस्पतालों में 886 मरीज सामने आ चुके हैं। सबसे अधिक पंचकूला में 1133, गुरुग्राम में 151, करनाल 241, रेवाड़ी 194, सोनीपत 219, फरीदाबाद 108 और हिसार में 349 केस आ चुके हैं। ये सभी छह जिले ही डेंगू के सबसे बड़े हॉट स्पाट बन चुके हैं। चिकनगुनिया के भी 21 मामले सामने आ चुके हैं। मलेरिया के 184 मामले सामने आए हैं। रविवार को प्रदेशभर में डेंगू के 42 नए मामले सामने आए।

जिलावार डेंगू के मामले
पंचकूला 1133
हिसार 349
करनाल 241
सोनीपत 219
रेवाड़ी 194
पानीपत 172
गुरुग्राम 151
कुरुक्षेत्र 132
फरीदाबाद 108
सिरसा 91
रोहतक 77
यमुनानगर 75
जींद 61
झज्जर 61
भिवानी 52
फतेहाबाद 51
चरखीदादरी 50
अंबाला 47
महेंद्रगढ़ 39
कैथल 20
पलवल 20
नूंह 11
कुल 3354

डेंगू के किस साल कितने केस आए
2016 2994
2017 4550
2018 1936
2019 1207
2020 1377
2021 11835
2022 8996
2023 8081
2024 3354

1.68 लाख घरों में मिला लारवा
डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग न प्रदेश के सभी सिविल अस्पतालों के 196 वार्ड में 1022 बेड आरक्षित रखे हैं। अब तक 58 निशुल्क एसडीपी किट प्रयोग की जा चुकी हैं और 1.68 लाख घरों में डेंगू का लारवा मिल चुका है। सरकार का दावा है कि अब तक 3 करोड़ से अधिक घरों की जांच की जा चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक डॉ. मुनीष बंसल का कहना है कि विभाग पूरी सतर्कता के साथ काम कर रहा है। सभी सीएमओ को सख्त निर्देश दिए गए हैं। लोगों को भी चाहिए वह अपने आसपास पानी जमा न होने दें और मच्छरों से बचें।

Related Articles

Back to top button