राष्ट्रीय

होली के रंग में भंग की कोशिश…देश के कई शहरों में तनाव फैलाने का प्रयास

प्रेम और सौहा‌र्द्र के पर्व होली पर रंग में भंग डालने की कोशिश से कई जगह सांप्रदायिक तनाव पैदा हो गया। उप्र के संभल में तमाम आशंकाओं को निर्मूल साबित करते हुए लोगों ने होली का त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाया, लेकिन इसके एक दिन बाद शनिवार को उन्नाव में बच्चों के रंग डालने से एक मुस्लिम युवक बिफर पड़ा।

उपद्रवियों ने दो दर्जन से ज्यादा दुकान-वाहन फूंक दिए

बात इतनी बिगड़ी कि हार्ट अटैक से उसकी मौत हो गई। इससे तनाव व्याप्त हो गया। झारखंड के गिरिडीह में होली जुलूस पर पथराव से सांप्रदायिक तनाव पैदा हो गया। उपद्रवियों ने दो दर्जन से ज्यादा दुकान-वाहन फूंक दिए।

बिहार के गया में जबरन रंग लगाने को लेकर दो समुदाय के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पंजाब के लुधियाना में नमाज के दौरान म्यूजिक सिस्टम बजाने को लेकर दो समुदायों के बीच पत्थरबाजी में चार पुलिस कर्मियों समेत 11 लोग घायल हो गए।

उन्नाव में बच्चों के रंग डालने पर बिफरे मुस्लिम युवक से मारपीट, हार्ट अटैक से मौत

जानकारी के मुताबिक, उन्नाव में होली के अगले दिन भी रंग खेलने की परंपरा है। शनिवार को बच्चों के रंग डालने से मुस्लिम युवक शरीफ अहमद भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। वहां मौजूद तीन युवकों ने एतराज जताया तो उनसे भी भिड़ गया। हाथापाई होने पर तीनों युवकों ने उसे दौड़ाया। सौ मीटर तक जाते-जाते वह गिर पड़ा और दम तोड़ दिया।

अहमद सऊदी अरब में वाहन चलाता था मृतक

घटना के बाद मुस्लिमों की भीड़ जमा होने लगी तो पांच थानों की फोर्स बुलाई गई। पुलिस ने स्थिति को संभाला। दो डाक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। एसपी दीपक भूकर ने बताया कि पोस्टमार्टम में शरीर में कोई चोट नहीं मिली और हार्टअटैक से मौत की पुष्टि हुई है। उन्नाव के कासिम नगर रबन्ना मस्जिद के पास रहने वाला शरीफ अहमद सऊदी अरब में वाहन चलाता था। रमजान में घर आया था।

प्रतापगढ़ में शुक्रवार दोपहर दो बजे से जुमा की नमाज होनी थी। इसको लेकर पुलिस ने भगवा चुंगी चौक समेत कई चौराहों पर होली खेल रहे युवाओं का म्यूजिक सिस्टम दोपहर 12:30 बजे से बंद करवा दिया। इस पर नाराजगी फैल गई।

गिरीडीह में तनाव, निषेधाज्ञा लागू

गिरिडीह में घोड़थम्बा पुलिस पोस्ट से कुछ दूरी पर शुक्रवार शाम लोग फगुआ गीत गाते हुए जुलूस की शक्ल में आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान दूसरे समुदाय के लोगों ने पथराव कर दिया, जिसके बाद हिंसा भड़क गई। दोनों तरफ से पथराव और आगजनी हुई। दो दर्जन से ज्यादा दुकान, गुमटी और वाहन फूंक दिए गए। हिंसा में कई लोग घायल हुए हैं। पुलिसकर्मी भी जख्मी हुए हैं।तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। दोनों पक्षों के 40-40 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज तक 22 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इलाके में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस घटना के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। भाजपा नेता पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने भी घटना की निंदा की है।

गया में जबरन रंग लगाने को लेकर विवाद

बिहार में गया के जोड़ा मस्जिद मोहल्ले में एक दुकान में सामान खरीदने और जबरन रंग लगाने को लेकर दो समुदाय में विवाद हो गया। दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर चले। कई थानों की पुलिस पहुंची और स्थिति को संभाल लिया। बुनियादगंज थाना अध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि जबरन रंग लगाने को लेकर विवाद हुआ था। सारण जिले के चकनूर सैदपुर में होली खेलने के क्रम में दो गुटों के बीच विवाद हो गया।पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया तो उसे छुड़ाने के लिए 60-70 लोगों ने जमकर हंगामा किया। सासाराम के छोटका मोर गांव में साउंड बाक्स बजाने को लेकर हुए विवाद में एक गुट ने गोली मार दी, जिससे जख्मी युवक को भर्ती कराया गया है।

लुधियाना में म्यूजिक सिस्टम को लेकर हुई भिड़ंत

लुधियाना में चीमा चौक के पास स्थित बिहारी कालोनी में होली के दिन मस्जिद में नमाज पढ़े जाने के दौरान साउंड सिस्टम बजाने को लेकर दो समुदायों के बीच टकराव हो गया। देखते ही देखते मियां मार्केट में दोनों ओर से एक-दूसरे पर जमकर पत्थर और बोतलें बरसाईं जाने लगीं। इस दौरान चार पुलिस कर्मियों समेत 11 लोग घायल हो गए। पुलिस ने 35 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर पांच को गिरफ्तार कर लिया है।

संभल में सूझबूझ से टला विवाद

हिंसा की आग में झुलसे संभल में होली पर माहौल बिगड़ने से बच गया। हयातनगर क्षेत्र के गांव लक्ष्मीनगर धुरैटा की मस्जिद के बाहर रंग से जय श्रीराम लिख दिया गया। साथ ही रंग भी डाल दिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक श्रीश्चंद्र ने बताया कि होली खेली जा रही थी। मस्जिद के गेट के पास किसी ने रंग डाल दिया। दीवार पर जय श्रीराम लिख दिया गया। मुस्लिमों ने देखा, तो उनमें आक्रोश फैल गया।पुलिस ने भी सतर्कता बरतते हुए कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। बाद में पता चला कि किसी बच्चे ने यह लिख दिया था। माहौल खराब करने की किसी की मंशा नहीं थी। मस्जिद कमेटी ने भी सौहार्द दिखाते हुए कोई कार्रवाई न करने के बारे में लिखकर दे दिया।

Related Articles

Back to top button