लू के कहर से बदला स्कूलों का समय, अगले 3 दिन और बढ़ेगी तपिश

इंदौर में गर्मी का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को सुबह से ही तेज लू चलने लगी, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बढ़ती गर्मी को देखते हुए कलेक्टर आशीष सिंह ने कक्षा 8वीं तक के स्कूलों का समय घटाकर दोपहर 12 बजे तक कर दिया है। हालांकि, सोशल मीडिया पर अभिभावकों द्वारा स्कूलों में पूर्ण अवकाश की मांग की जा रही है, जिसे देखते हुए प्रशासन पर निर्णय को लेकर दबाव बन रहा है।
लगातार 40 डिग्री से ऊपर तापमान, तोड़ा 5 साल का रिकॉर्ड
शुक्रवार को मौसम का मिजाज शुरू से ही तीखा बना रहा। दिनभर गर्म हवाओं के कारण अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक है। यह पिछले पांच वर्षों का सबसे अधिक तापमान साबित हुआ है। सुबह से ही चुभती धूप लोगों को परेशान कर रही है, जबकि दोपहर तक गर्मी असहनीय हो जाती है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन दिन और अधिक गर्म हो सकते हैं। शनिवार को तापमान 42 डिग्री या उससे अधिक तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। रात का तापमान भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक है। बीते पांच दिनों से रात का तापमान 24 से 25 डिग्री के बीच बना हुआ है, जिससे रात में भी गर्मी का एहसास कम नहीं हो रहा।
तेज हवाएं और तीखी धूप बनी परेशानी का कारण
मौसम विभाग ने बताया कि गर्म हवाओं और साफ आसमान के कारण तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। सुबह से ही तेज धूप निकल आती है और दोपहर तक गर्मी चरम पर पहुंच जाती है। इसके कारण अब रातें भी तपने लगी हैं। मौसम वैज्ञानिक अभिजीत चक्रवर्ती ने बताया कि आगामी तीन दिन मौसम में कोई खास राहत नहीं मिलेगी। हालांकि, तीन दिन बाद हल्की गिरावट की संभावना जरूर जताई गई है, लेकिन तब तक गर्मी का असर जारी रहेगा।
अप्रैल में ही तापमान पार कर गया 40 डिग्री का आंकड़ा
इस बार अप्रैल की शुरुआत से ही इंदौर में तेज गर्मी का असर देखने को मिला है। पहले सप्ताह में ही तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया था, जबकि दूसरा सप्ताह भी भीषण गर्मी के साथ बीता। शुक्रवार को तीसरे सप्ताह में पहली बार तापमान 41 डिग्री से अधिक दर्ज हुआ। पिछले दस वर्षों में अप्रैल में सबसे अधिक तापमान 29 अप्रैल 2018 को 43.5 डिग्री सेल्सियस रहा था। अभी अप्रैल के दस दिन शेष हैं और मौसम के रुख को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि तापमान 42 डिग्री या उससे अधिक तक जा सकता है।