एक आखिरी बार खून और खेल की जंग शुरू, प्लेयर 456 रोक पाएगा खूनी सिलसिला?

नेटफ्लिक्स की मशहूर सीरीज स्क्विड गेम का तीसरा और आखिरी सीजन जल्द ही दर्शकों के सामने होगा। शो ने पहले सीजन से ही जमकर सुर्खियां बटोरी हैं। आज इसके फाइनल चैप्टर की पहली झलक सामने आ गई है जो आपको फिर से खूनी खेल की दुनिया में वापस ले जाएगी। टीजर में सियॉन्ग गि-हुन (ली जंग-जे) और फ्रंट मैन (ली ब्युंग-हुन) के बीच की जंग को पहले से कहीं ज्यादा खतरनाक और रोमांचक दिखाया गया है। आइए जानते हैं कैसे है लेटेस्ट टीजर।
गि-हुनस और प्लेयर 001 की जंग
स्क्विड गेम सीजन 2 का अंत गि-हुन के विद्रोह के साथ हुआ था, जहां वह मौत का खेल चलाने वाले लोगों को खत्म करने की कोशिश करता है। लेकिन फ्रंट मैन ने उसके कई साथियों को मार डाला था और उसे बंदूक की नोक पर पकड़ लिया था। टीजर में दिखाया गया है कि गि-हुन अब और भी मुश्किल हालात में है। अपने सबसे करीबी दोस्त जंग-बे (प्लेयर 390) की मौत और फ्रंट मैन के धोखे से वह टूट चुका है। फ्रंट मैन ने प्लेयर 001 बनकर गि-हुन के विद्रोह में साथ दिया था जिसका उस काफी अफसोस है।
गमबॉल मशीन ने बढ़ाई दिलचस्पी
टीजर में एक गमबॉल मशीन दिखाई गई है, जो सीरीज के खतरनाक खेलों की झलक देती है। गि-हुन को अब और भी क्रूर खेलों का सामना करना होगा, जहां हर कदम पर जान का खतरा है। सीजन 3 में गि-हुन का किरदार पहले से अलग होगा।
सीरीज के क्रिएटर ह्वांग डोंग-ह्युक ने बताया कि गि-हुन ने सब कुछ खो दिया है और अब उसे यह चुनना है कि वह हार मानेगा या अपनी लड़ाई जारी रखेगा। टीजर सोशल मीडिया पर काफी पंसद किया जा रहा है और लोग कमेंट बॉक्स में कई तरह के सवाल कर रहे हैं और अपनी थ्योरीज भी लगा रहे हैं। बता दें, नए एपिसोड्स 27 जून 2025 को रिलीज किए जाने वाले हैं।
नए किरदारों की भूमिका
इस सीजन में ली जंग-जे, ली ब्युंग-हुन, वी हा-जून, पार्क ग्यू-यंग, यिम सी-वान जैसे सितारे नजर आएंगे। नए किरदारों में कांग नो-यूल की कहानी भी अहम होगी, जो एक नॉर्थ कोरियन डिफेक्टर है और खेल में शूटर की भूमिका निभाती है। फैंस को इस सीजन से बहुत उम्मीदें हैं, खासकर सीजन 2 के क्लिफहैंगर अंत के बाद। सोशल मीडिया पर लोग गि-हुन की वापसी और नए खेलों को लेकर एक्साइटेड हैं।