
मानसून एक्सप्रेस के अगले दो से तीन दिन में दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है। दक्षिण-पश्चिम मानसून बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के शेष हिस्सों, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, उतराखंड के अधिकांश हिस्सों, हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों और लद्दाख के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया है। इसके आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
चलेगी तेज हवा
ऐसे में यह पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों और दिल्ली के शेष हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। इस तरह से मानसून अपने तय समय से पहले दिल्ली में दस्तक दे देगा। दिल्ली में तीन दिन का बारिश व आंधी का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इससे दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होगी। जबकि 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चलेगी जिसकी रफ्तार बढ़कर 50 किलोमीटर तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग की मानें तो दक्षिण पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं।
कुछ इलाकों में हुई बारिश
दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री कम 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री कम दर्ज हुआ। शुक्रवार को सुबह से ही मौसम सुहावना बना रहा। बीच-बीच में काले बादलों ने डेरा डाला। कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई। रिज इलाके में सबसे कम अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जबकि शाम 5:30 बजे तक 006.2 मिमी बारिश दर्ज हुई।
मौसम विभाग के अनुसार 26 जून तक अधिकतम तापमान 36 डिग्री से ऊपर जाने की संभावना नहीं है। न्यूनतम तापमान में भी दो डिग्री की गिरावट देखने को मिल सकती है। दिल्ली में 21 जून को प्री मानसून गतिविधियां हल्की से मध्यम रहेंगी।
आज का तापमान
अधिकतम तापमान: 34.8 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान: 26.8 डिग्री सेल्सियस
21 जून को सूर्यास्त: शाम 7:22 मिनट
22 जून को सूर्योदय: सुबह 5:25 मिनट
संतोषजनक श्रेणी में हवा बरकरार
राजधानी में शुक्रवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 75 दर्ज किया गया जो हवा की संतोषजनक श्रेणी है। इसमें बृहस्पतिवार की तुलना में 14 सूचकांक की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) का पूर्वानुमान है कि सोमवार तक हवा संतोषजनक श्रेणी में बरकरार रहेगी। सीपीसीबी के अनुसार, एनसीआर में ग्रेटर नोएडा की हवा सबसे अधिक प्रदूषित रही। यहां एक्यूआई 90 दर्ज किया गया, जो संतोषजनक श्रेणी है।