राष्ट्रीय

दुनियाभर के जेलों में बंद हैं 10,574 भारतीय नागरिक

दुनिया के अलग-अलग जेलों में फिलहाल 10,574 भारतीय नागरिक कैद हैं। इनमें से 43 लोगों को मौत की सजा सुनाई गई है। संसद में शुक्रवार को यह जानकारी दी गई है।

विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में सबसे अधिक संख्या में भारतीय कैदी हैं, जहां वर्तमान में 2,773 भारतीय नागरिक सलाखों के पीछे हैं।

किन देशों में कितने कैदी हैं?

इसके बाद सऊदी अरब में 2,379 और नेपाल में 1,357 कैदी हैं। जिन अन्य देशों में भारतीय कैदियों की संख्या अच्छी-खासी है, उनमें कतर में 795, मलेशिया में 380, कुवैत में 342, यूनाइटेड किंगडम में 323, बहरीन में 261, पाकिस्तान में 246, चीन में 183 और अन्य देश शामिल हैं।

कई देशों में केवल एक-एक भारतीय कैदी है, जिनमें अंगोला, बेल्जियम, कनाडा, चिली, मिस्र, इराक, जमैका, मॉरीशस, सेनेगल, सेशेल्स, दक्षिण अफ्रीका, सूडान, ताजिकिस्तान और यमन शामिल हैं।

सऊदी में हैं मौत की सजा पाने वाले सबसे ज्यादा कैदी

बात करें मृत्यु दंड की सजा भुगत रहे कैदियों की तो सबसे ज्यादा 21 भारतीय संयुक्त अरब अमीरात में हैं। उसके बाद सऊदी अरब (7), चीन (4), इंडोनेशिया (3) और कुवैत (2) हैं। अमेरिका, मलेशिया, ओमान, पाकिस्तान, कतर और यमन में एक-एक भारतीय को मृत्युदंड की सजा सुनाई गई है।

Related Articles

Back to top button