पंजाबराज्य

क्या है सीएम ब्रेकफास्ट स्कीम?, तमिलनाडु की तर्ज पर पंजाब में लागू होगी योजना

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने घोषणा की कि तमिलनाडु की तर्ज पर मुख्यमंत्री ब्रेकफास्ट स्कीम को पंजाब में लागू करने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। सीएम शहरी क्षेत्रों में इस योजना के विस्तार की शुरुआत के लिए बतौर मुख्यातिथि तमिलनाडु गए हुए हैं। इस योजना के तहत अब तमिलनाडु के शहरी क्षेत्रों के सभी सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों के छात्रों को सुबह का भोजन प्रदान किया जाएगा। इस दौरान मान ने तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन के साथ बच्चों को भोजन भी परोसा।

चेन्नई में संबोधित करते हुए मान ने कहा कि पंजाब मंत्रिमंडल अब पंजाब में भी इसी तरह की पहल शुरू करने पर विचार करेगा। ऐसी जन कल्याणकारी पहल समय की मांग हैं, विशेष रूप से दबे-कुचले और हाशिए पर पड़े समुदायों के लिए ऐसी योजनाओं की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) ने हमेशा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा को प्राथमिकता दी है और अब विभिन्न राजनीतिक दल इन क्षेत्रों को अपने चुनावी घोषणापत्रों में भी प्रमुखता दे रहे हैं। भगवंत सिंह मान ने सामाजिक और शैक्षिक सुधारों के लिए तमिलनाडु के नेतृत्व की सराहना की और कहा कि ”नाश्ता योजना” को एक और ऐतिहासिक कदम के रूप में याद किया जाएगा।

पंजाब में प्रगति का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वस्तरीय शिक्षा के लिए सरकारी स्कूलों को ”स्कूल ऑफ एमिनेंस” में बदला जा रहा है। शिक्षा में प्रदर्शन के मामले में पंजाब ने भारत के राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण में केरल को पीछे छोड़कर पहला स्थान हासिल किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तमिलनाडु सरकार की तरह पंजाब सरकार भी लोगों की सेवा के लिए मिशनरी भावना के साथ काम कर रही है। राज्य सरकार लोगों के सहयोग से ”रंगला पंजाब” बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सीएम ने एमके स्टालिन को पंजाब आने का निमंत्रण दिया। तंज कसते हुए मान ने कहा कि देश को ”जुमलागिरी का उस्ताद” चला रहा है, जो लगातार लोगों को गुमराह कर रहा है।

Related Articles

Back to top button