उत्तरप्रदेशराज्य

यूपी: बारिश से बिगड़ गए हालात, सड़कें बन गईं नदियां; 12वीं तक के सभी स्कूल बंद

तीन घंटे हुई मूसलाधार बारिश से शुक्रवार को शहर की सड़कें तालाब बन गईं। गली-मोहल्लों से लेकर पॉश इलाकों तक घरों में पानी भर गया। दुकानों में पानी भरने से सामान खराब हो गया। संजय प्लेस, एमजी रोड, तोता का ताल रोड, यमुना किनारा से फतेहाबाद रोड, बिजलीघर पुल के नीचे जलभराव की वजह से जाम लग गया। मौसम विज्ञान विभाग ने रविवार तक बारिश का अनुमान जताया है।

पिछले दो दिन से हो रही बारिश के बाद शुक्रवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए थे। दोपहर में एक बार मौसम साफ होता दिखा, लेकिन उसके बाद बादल ऐसे बरसे कि शहर का हर कोना तरबतर हो गया। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे बारिश शुरू हुई जो करीब साढ़े तीन बजे तक जारी रही। मूसलाधार बारिश के चलते सिकंदरा हाईवे, मेंटर अस्पताल से कैलाशपुरी जाने वाली सड़क, तक पानी भरने से घंटों वाहन जाम में रेंगते रहे। एमजी रोड, लोहामंडी, ग्वालियर रोड, प्रतापपुरा, बोदला रोड, आवास विकास, हरीपर्वत समेत विभिन्न सड़कों पर पानी भरने से जाम के हालात बन गए।

उधर, यमुना किनारा पर स्ट्रेची ब्रिज के नीचे चार फीट पानी भर गया। इस दौरान स्कूटर व बाइक सवार निकलने की कोशिश में फंस गए। कई वाहन पानी भरने से खराब होकर रास्ते में बंद हो गए। जीवनी मंडी, मड़िया कटरा, जयपुर हाउस, सिकंदरा चौराहा, से कामायनी कट तक जाम लगा रहा। गुरुद्वारा से बाईंपुर तक हाईवे पर पानी भर गया। रावतपाड़ा, सुभाष बाजार व रोशन मोहल्ला, मोतीगंज में दुकानों में रखा सामान पानी से खराब हो गया। तहसील में वादकारियों को जलभराव से खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

सोमवार को खुलेंगे कक्षा 12 तक के स्कूल

बारिश और प्रारंभिक अर्हता परीक्षा को देखते हुए कक्षा नर्सरी से 12 तक के स्कूल शनिवार को बंद रहेंगे। इनमें शासकीय, अशासकीय सहाता प्राप्त परिषदीय, मान्यता प्राप्त (बेसिक), मान्यता प्राप्त (माध्यमिक), सीबीएसई, आईसीएसई बोर्ड के विद्यालय शामिल हैं। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने आदेश जारी किया है। उन्होंने कहा है कि आदेश का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।

नाले सील करने से और बढ़ी मुश्किल

यमुना के उफान पर आने की वजह से निगम ने एहतियात के तौर पर नालों को सील कर दिया है। इस बीच शुक्रवार को हुई बारिश से जब शहर में पानी भरा तो उसे निकलने का रास्ता ही नहीं मिला। इसके कारण शहर के इलाकों में जलभराव से देर रात तक लोगों को राहत नहीं मिल सकी। मोतीगंज में नाले के बैक मारने से बाजार में पानी भर गया। केदार नगर में नालो का पानी घरों में घुस गया। आगरा कैंट में भी यात्रियों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा।

बारिश से रास्ते जलमग्न, जाम में फंसे वाहन

बारिश से शुक्रवार की दोपहर शहर में सड़कें जलमग्न हो गईं। एमजी रोड से लेकर शहर के अंदरूनी इलाकों में जगह-जगह जलभराव हो गया। यातायात बाधित होने से कई मार्गों पर घंटों वाहन फंसे रहे। वाहनों की कतार लगने से करीब 2 घंटे तक लोगों को समस्या का सामना करना पड़ा। वाहनों को निकालने में यातायात पुलिसकर्मियों के पसीने छूट गए।

कलेक्ट्रेट से सुभाष पार्क की तरफ जाने वाले मार्ग पर गड्ढा है। इसमें पानी भरने की वजह से चाैराहे पर वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगने लगा। कुछ ही देर में वाहनों की कतार लग गई। इसी तरह नालबंद चाैराहे से आगे मार्ग संकरा होने की वजह से वाहन फंस गए। सेंट जोंस से लोहामंडी मार्ग पर नाले का निर्माण कार्य चल रहा है। यहां भी कुछ देर लोगों को समस्या हुई। इसी तरह लोहामंडी से न्यू राजामंडी की तरफ जाने वाले मार्ग पर जुलूस निकल रहे थे।

Related Articles

Back to top button