राज्यहरियाणा

हरियाणा: श्रम मंत्री अनिल विज के एक्स अकाउंट से हटा मिनिस्टर शब्द

प्रदेश के ऊर्जा परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज का एक्स पर बना सोशल मीडिया अकाउंट बुधवार रात्रि को चर्चा का विषय बन गया। विज के एक्स अकाउंट पर अब उनके नाम अनिल विज के बाद अंबाला कैंट हरियाणा लिखा दिख रहा है। जबकि इससे पहले उनके नाम के आगे मिनिस्टर हरियाणा इंडिया लिखा हुआ था। इसके बाद से चर्चाएं तेज हो गई हैं।

बताया जाता है कि रात्रि साढ़े 11 बजे के आसपास एक्स अकाउंट पर यह परिवर्तन हुआ। जैसे ही एक्स पर यह बदलाव हुआ वैसे ही सोशल मीडिया पर चर्चाएं शुरू हो गई। उनके अकाउंट के नाम से जुड़े पोस्ट वायरल होने लगे। यह बदलाव ऐसे समय हुआ है जब हाल ही में विज ने एक्स पर एक पोस्ट के माध्यम से बताया था कि छावनी में कुछ लोग समानांतर भाजपा चला रहे हैं, जिनको ऊपरवालों का आशीर्वाद प्राप्त है। इस पोस्ट में उन्होंने कमेंट में लोगों से अपने लिए सुझाव भी मांगे थे और यह भी कहा था कि पार्टी का ऐसे बहुत नुकसान हो रहा है। सोशल मीडिया पर इस बदलाव को लेकर विज की नाराजगी और भाजपा में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है इससे जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि पोस्ट पर बदलाव को लेकर कैबिनेट मंत्री का बयान आना बाकी है।

Related Articles

Back to top button