राजनीति

“वोट चोरी” को लेकर आंदोलि‍त कांग्रे‍स‍ियों ने वाराणसी में चलाया प्रतिरोध हस्ताक्षर अभियान

वाराणसी में कांग्रेस कमेटी ने वोट चोर गद्दी छोड़ो आंदोलन के तहत हस्ताक्षर अभियान चलाया। पूर्व मुख्यमंत्री कमलापति त्रिपाठी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ कार्यक्रम शुरू हुआ। राजेश तिवारी ने भाजपा सरकार पर लोकतंत्र का गला घोंटने का आरोप लगाया। जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल और महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि यह जनआंदोलन सरकार की नींव हिला देगा।

महानगर कांग्रेस कमेटी वाराणसी द्वारा कैंट चौराहे पर पूर्व मुख्यमंत्री पंडित कमलापति त्रिपाठी की प्रतिमा के समक्ष “वोट चोर गद्दी छोड़ो” आंदोलन के तहत एक वृहद हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की शुरुआत पं. कमलापति त्रिपाठी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके की गई।

इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी राजेश तिवारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल और महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने संयुक्त रूप से की।

राजेश तिवारी ने कहा कि भाजपा सरकार आज देश और प्रदेश में लोकतंत्र का गला घोंटने का कार्य कर रही है। चुनाव में जनादेश को चुराकर सत्ता में बने रहना लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज़ को दबाने के लिए विपक्षी नेताओं पर झूठे मुकदमे लादे जा रहे हैं, आंदोलनकारियों पर लाठीचार्ज किया जा रहा है और संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करके हर विरोधी स्वर को कुचलने की कोशिश की जा रही है।

कहा क‍ि, वाराणसी की धरती, जिसने हमेशा लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज़ उठाई है, आज फिर एक ऐतिहासिक आंदोलन की साक्षी बन रही है। कांग्रेस पार्टी जनता के साथ मिलकर इस ‘भ्रष्ट और जनविरोधी’ सरकार का सामना करेगी। यह हस्ताक्षर अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता का घोषणा-पत्र है कि अब भाजपा की तानाशाही और धोखेबाजी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल और महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि आज का यह हस्ताक्षर अभियान इस बात का प्रतीक है कि अब लोग चुप नहीं बैठने वाले। यह जनआंदोलन आने वाले समय में सरकार की नींव हिला देगा। कांग्रेस पार्टी हर गांव, हर गली और हर घर तक जाएगी और जनता की आवाज़ बनेगी। अब यह लड़ाई सिर्फ कांग्रेस की नहीं, बल्कि हर आम नागरिक की है जो लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करना चाहता है।

हस्ताक्षर अभियान में बड़ी संख्या में लोगों का जुड़ना इस बात का सबूत है कि वाराणसी अब “वोट चोर गद्दी छोड़” आंदोलन के लिए तैयार है। यह आंदोलन भाजपा सरकार के खि‍लाफ एक बड़ी मुहि‍म है। यह अभियान पूरे एक माह तक चलेगा और एकत्रित मांग पत्र राष्ट्रीय नेतृत्व के माध्यम से चुनाव आयोग को भेजा जाएगा। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी, जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button