पंजाबराज्य

पंजाब में गरमी खत्म: पहाड़ों से आ रही हवाओं ने बढ़ाई ठंडक

पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के बाद वहां से आ रही ठंडी हवाओं ने पंजाब में ठंडक बढ़ा दी है। साथ ही पिछले दो-तीन दिन से प्रदेश में कई जगह बारिश भी हुई है।

मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र के डायरेक्टर सुरिंदर पाल के मुताबिक आने वाले छह दिन पंजाब का मौसम शुष्क रहेगा। इससे दिन के तापमान में वृद्धि हो सकती है लेकिन सुबह व शाम की ठंडक बनी रहेगी। अक्तूबर के तीसरे हफ्ते में दिन व रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आनी शुरू हो जाएगी। इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से पंजाब में बारिश की भी संभावना है जिससे ठंड बढ़नी शुरू हो जाएगी।

बुधवार को पंजाब का तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। हालांकि तापमान में 5.3 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। सबसे अधिक 31.8 डिग्री का पारा मोहाली का दर्ज किया गया। वहीं, पंजाब में रात के तापमान में 2 डिग्री की कमी दर्ज की गई। अमृतसर समेत, लुधियाना, पटियाला व बठिंडा का न्यूनतम पारा सामान्य के नीचे दर्ज किया गया। सबसे कम 14.9 डिग्री का न्यूनतम पारा पठानकोट का दर्ज किया गया।

पंजाब में बुधवार को कुछ जगह हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। अमृतसर का अधिकतम पारा 26.9 डिग्री, लुधियाना का 28.6, पटियाला का 29.5, पठानकोट का 30.3, बठिंडा का 29.5, फरीदकोट का 31.2, फाजिल्का का 28.2 और फिरोजपुर का 27.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, अमृतसर का न्यूनतम पारा 16.6 डिग्री (सामान्य से 1.4 डिग्री नीचे ), लुधियाना का 15.8 डिग्री (सामान्य से 2.4 डिग्री नीचे), पटियाला का 16.5 डिग्री (सामान्य से 3.4 डिग्री नीचे), बठिंडा का 15.8 डिग्री (सामान्य से 1.3 डिग्री नीचे ), फरीदकोट का 18.3 डिग्री, फिरोजपुर का 17.9 डिग्री, होशियारपुर का 15.2 डिग्री दर्ज किया गया।

Related Articles

Back to top button