
झारखंड में मौसम बदल गया है। यहां ठंड ने दस्तक दे दी है। राजधानी रांची में जैसे-जैसे शाम ढलती है, लोग स्वेटर, जैकेट और अन्य ऊनी कपड़े पहने नजर आने लगे हैं। दिन में तेज धूप निकलने के बावजूद शाम की ठंडी हवा ठंड का एहसास कराती है, जिससे लोगों को बाहर निकलने में ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
14 जिलों में गिरा पारा
ठंड के चलते राज्य के 14 जिलों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, रांची से सटे खूंटी का न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में 4.8 डिग्री कम है। इस तरह खूंटी फिलहाल राज्य का सबसे ठंडा जिला बन गया है। रांची का न्यूनतम तापमान भी गिरकर 3.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से लगभग 1 डिग्री कम है। वहीं, जमशेदपुर में 2.6 डिग्री और डाल्टनगंज में 3.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, दिन का तापमान हल्का बढ़ा है।
“झारखंड में अब बारिश की कोई संभावना नहीं”
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले 2-3 दिनों में यह तापमान 9 से 10 डिग्री तक जा सकता है। रांची मौसम विभाग की मानें, तो झारखंड में अब बारिश की कोई संभावना नहीं है। 15 नवंबर तक झारखंड में पूरी तरह से ठंड पड़ने लगेगी जहां दिन के समय तेज धूप, सुबह के समय घना कोहरा और रात के समय कडाके की ठंड महसूस होगी।
मौसम विभाग ने बताया कि फिलहाल सुबह के समय कोहरा या हल्की धुंध छाई रहेगी, जबकि दिन में आसमान साफ रहेगा। 10 नवंबर तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है, जिसके बाद धुंध और गहराने तथा न्यूनतम तापमान में और गिरावट की उम्मीद है।





