झारखंडराज्य

झारखंड में कंपाने वाली सर्दी का सितम, शीत लहर की चपेट में ये जिले

झारखंड में लोगों को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ सकता है। शीत लहर चलने की वजह से ठंड का प्रकोप बढ़ेगा और जिस वजह से तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है। न्यूनतम तापमान में आज 4 से 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की जाने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री के बीच में रहेगा। राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में भी सुबह-शाम ठिठुरन काफी बढ़ गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में घना कोहरा छाया है, जिससे आवागमन में परेशानी हो रही है।

शीत लहर की चपेट में ये जिले

पलामू, कोडरमा, चतरा, गढ़वा लातेहार और लोहरदगा में शीतलहर की चेतावनी है जिस कारण इन इलाकों में ठंड का प्रकोप रहेगा। तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 25 नवंबर से पूरे राज्य में कनकनी महसूस होगी और ठंड में धीरे-धीरे बढ़ोतरी जारी रहेगी। वहीं 26, 27 और 28 नवंबर को सुबह हल्की धुंध और दिन में छिटपुट बादल दिखाई दे सकते हैं, हालांकि बारिश की कोई संभावना नहीं है। शाम के वक्त कई इलाकों में आर्द्रता घटकर 40 से 60 प्रतिशत तक आने से मौसम शुष्क रहेगा।

लोगों को ठंड से बचने की सलाह

विभाग ने नागरिकों को सलाह दी है कि बदलते तापमान को देखते हुए गर्म कपड़ों की तैयारी कर लें। घने कोहरे और तेज ठंडी हवा का सबसे अधिक असर बच्चों, बुजुर्गों और सुबह-शाम बाहर रहने वाले लोगों पर पड़ रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि अचानक तापमान गिरने से सर्दी, खांसी, सांस की दिक्कत और ब्रेन स्ट्रोक के मामले बढ़ रहे हैं। लोगों को ठंड से बचाव के आवश्यक उपाय अपनाने चाहिए।

Related Articles

Back to top button