
राजस्थान के 18 से ज़्यादा शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे चल रहा है। सीकर, फतेहपुर, नागौर और माउंट आबू सहित कई स्थानों पर मंगलवार रात तापमान में 1-2 डिग्री तक गिरावट हुई। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री तक की कमी आएगी। सबसे कम न्यूनतम तापमान फतेहपुर में 3.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। माउंट आबू में तापमान 4 डिग्री सेल्सियस, लूणकरणसर 4.9 डिग्री सेल्सियस, नागौर 4.3 डिग्री सेल्सियस, चूरू 6.3 डिग्री सेल्सियस, करौली 5.9 डिग्री सेल्सियस, दौसा 5.3 डिग्री सेल्सियस, सिरोही 7.3 डिग्री सेल्सियस और सीकर 6.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इन इलाकों में सुबह और शाम दोनों समय कड़ाके की सर्दी महसूस की गई, जबकि शेखावाटी क्षेत्र में हल्की कोल्ड वेव का प्रभाव रहा।
12 दिसंबर से मिलेगी ठंड से राहत
मौसम विभाग के अनुसार, 12 दिसंबर से उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा, जिसके कारण राजस्थान में चल रही उत्तरी हवाएं कमजोर पड़ेंगी और कुछ हिस्सों में बादल छाने की संभावना है। इससे न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हो सकती है।
दिन में तेज धूप से मिली कुछ राहत
राजस्थान में आसमान साफ रहने और ऊंचाई पर हवाओं के सक्रिय होने से सुबह सूरज निकलते ही तेज धूप खिल रही है। मंगलवार को बाड़मेर, बीकानेर, चूरू और गंगानगर में अधिकतम तापमान 1 से 2 डिग्री तक बढ़ा। सबसे अधिक दिन का तापमान बाड़मेर में 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।





