झारखंडराज्य

झारखंड में अगले तीन दिनों तक 2 डिग्री गिरेगा तापमान

राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में उत्तर-पश्चिमी हवाओं का प्रभाव बढ़ गया है। जिस कारण ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है और कनकनी ने आमजनों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान में बताया गया कि राज्य में अगले तीन दिनों तक यानी 10, 11 और 12 दिसंबर के दौरान तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है।

इसके बाद अगले दो दिनों यानी 13 और 14 दिसंबर को न्यूनतम तापमान में धीरे धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि 15 दिसंबर तक सुबह में कोहरा या धुंध का असर तो बाद में आसमान मुख्यत: साफ रहेगा। वहीं, पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहा।

सबसे अधिक अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा का, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस गुमला का रिकार्ड किया गया। वहीं, राजधानी रांची में अधिकतम 22.8 डिग्री जबकि न्यूनतम 10.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। मौसम विज्ञानी ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी हवाओं का प्रभाव बढ़ गया है, जिससे उत्तर और उत्तर-पश्चिमी जिलों में ठिठुरन और तेज हो गई है।

राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में भी कनकनी बढ़ने लगी है। अहले सुबह और देर रात ठंड का असर बढ़ने लगा है और लगातार गिर रहे तापमान ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी हैं। बताया गया कि राज्य में ठंड में उतार चढ़ाव का दौर अगले एक सप्ताह तक चलता रहेगा।

उन्होंने कहा कि राजधानी रांची में 11 दिसंबर तक सुबह में कोहरा या धुंध और बाद में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। बता दें कि रविवार को कांके का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं, मैक्लुस्कीगंज का अधिकतम 23 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

Related Articles

Back to top button