राष्ट्रीय

पीएम मोदी को इथियोपिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, द ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को मंगलवार को इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबीअहमद अली ने अपने देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया’ से सम्मानित किया। यह पुरस्कार अदीसअबाबा में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र में आयोजित एक विशेष समारोह में प्रधानमंत्री मोदी को प्रदान किया गया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को मंगलवार को इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने अपने देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया’ से सम्मानित किया। यह पुरस्कार अदीस अबाबा में अंतरराष्ट्रीय सम्मलन केंद्र में आयोजित एक विशेष समारोह में प्रधानमंत्री मोदी को प्रदान किया गया।

पीएम मोदी ने कही ये बात

सम्मान से नवाजे जाने पर मोदी ने कहा कि यह मेरी लिए बड़े सम्मान की बात है और अविस्मरणीय अनुभव है। मैं इसे भारत के 140 करोड़ लोगों को समर्पित करता हूं। विदेश मंत्रालय ने नई दिल्ली में एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को भारत-इथियोपिया साझेदारी को मजबूत करने में उनके असाधारण योगदान और एक वैश्विक नेता के रूप में उनके दूरदर्शी नेतृत्व के लिए यह पुरस्कार दिया गया है।

इस पुरस्कार को प्राप्त करने वाले पहले वैश्विक नेता बने पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी इस पुरस्कार को प्राप्त करने वाले पहले वैश्विक नेता हैं। मोदी ने इस सम्मान के लिए प्रधानमंत्री अबी और इथियोपिया के लोगों के प्रति अपनी हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने प्रधानमंत्री अबी के नेतृत्व और राष्ट्रीय एकता, स्थिरता, और समावेशी विकास को बढ़ावा देने के लिए उनके प्रयासों की सराहना की।

भारत और इथियोपिया के बीच हजारों वर्षों से संपर्क- मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और इथियोपिया के बीच हजारों वर्षों से संपर्क, संचार और आदान-प्रदान रहा है। भाषाओं और परंपराओं से समृद्ध हमारे दोनों देश विविधता में एकता के प्रतीक हैं। दोनों देश शांति और मानवता के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम ग्लोबल साउथ के प्रमुख भागीदार हैं और वैश्विक मंचों पर हम कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि आज हमने अर्थव्यवस्था, नवाचार, प्रौद्योगिकी, रक्षा, स्वास्थ्य, क्षमता निर्माण समेत विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। हम द्विपक्षीय संबंध और प्रगाढ़ करेंगे। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में समर्थन के लिए पीएम अली का धन्यवाद भी किया।

इससे पूर्व पश्चिम एशियाई देशों के साथ भारत के संबंधों को नई धार देने के मकसद से जार्डन पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दोनों देशों के बीच सामरिक, ऊर्जा व कारोबारी संबंधों को नई ऊंचाई देने की नींव रख दी है। एशिया, अफ्रीका और यूरोप के चौराहे पर स्थित जॉर्डन क्षेत्रीय स्थिरता का प्रतीक है और साथ ही आतंकवाद व उग्रवाद के खिलाफ मजबूत आवाज उठाता है।

यह देश भारत के लिए उर्वरक आपूर्ति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। 37 वर्षों बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का यह पूर्ण द्विपक्षीय दौरा था जहां मोदी और जार्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय के बीच उच्च स्तरीय वार्ता में आतंकवाद के खिलाफ सहयोग, गाजा संकट, क्षेत्रीय शांति और आर्थिक साझेदारी पर गहन चर्चा हुई।

दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय कारोबार को अगले पांच वर्षों में दोगुना करके पांच अरब डॉलर करने का लक्ष्य भी रखा गया। मोदी और किंग अब्दुल्ला द्वितीय के बीच दो स्तरों पर बातचीत हुई।

वार्ता के बाद दोनों देशों के बीच पांच महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर हुए, जो स्वच्छ ऊर्जा, जल प्रबंधन, संस्कृति और डिजिटल नवाचार जैसे क्षेत्रों से संबंधित हैं। एक समझौता नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में तकनीकी सहयोग पर है। बाद में भारतीय विदेश मंत्रालय की तरफ से बताया गया है कि दोनों नेताओं के बीच परमाणु ऊर्जा सहयोग स्थापित करने पर भी बात हुई है।

एक समझौता जार्डन की पेट्रा और भारत की एलोरा गुफाओं के बीच आपसी समझबूझ बढ़ाने को लेकर है। पेट्रा की सबसे प्रसिद्ध पर्यटक केंद्रों में गिनती होती है। दोनों नेताओं ने संयुक्त बयान में द्विपक्षीय व्यापार को अगले पांच वर्षों में पांच अरब डॉलर तक बढ़ाने का लक्ष्य निर्धारित किया।

वर्तमान में भारत जार्डन का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। वर्ष 2024 में द्विपक्षीय व्यापार 2.8 अरब डालर रहा था। बयान में व्यापार, निवेश, रक्षा, सुरक्षा, उर्वरक, कृषि, आइटी, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचा और पर्यटन में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई गई।

आतंकवाद और उग्रवाद के खिलाफ साझा रुख पर जोर देते हुए क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए सहयोग की प्रतिबद्धता दोहराई गई। पीएम मोदी और किंग अब्दुल्ला ने संयुक्त रूप से उद्योगपतियों को भी संबोधित किया। मोदी ने जार्डन की कंपनियों को आठ प्रतिशत से भी ज्यादा तेजी से बढ़ती भारतीय अर्थव्यवस्था में निवेश के लिए आमंत्रित किया।

इथियोपिया में मोदी का ग्रीन कारपेट स्वागत किया गया

मंगलवार को इथियोपिया पहुंचने पर मोदी का ग्रीन कारपेट स्वागत किया गया। इथियोपियाई पीएम अली उन्हें खुद एयरपोर्ट लेने पहुंचे। उन्होंने होटल जाते वक्त मोदी को रास्ते में विज्ञान संग्रहालय और मित्रता पार्क भी दिखाया, हालांकि यह तय यात्रा कार्यक्रम में नहीं था। इस दौरान एक काफी समारोह में अली ने अपने भारतीय समकक्ष को इथियोपियाई काफी की विभिन्न किस्मों के बारे में जानकारी दी। इथियोपिया को काफी का जन्मस्थान माना जाता है।

Related Articles

Back to top button