अन्तर्राष्ट्रीय

ताइवान के पास चीनी सैन्य गतिविधि बढ़ी, PLA के नौ लड़ाकू विमान और 11 युद्धपोत ट्रैक किए गए

ताइवान और चीन के बीच जारी तनाव के बीच एक बार फिर चीनी सेना की गतिविधियों में इजाफा देखा गया है। ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उसने अपने क्षेत्र के आसपास पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के 9 लड़ाकू विमानों और 11 चीनी नौसैनिक जहाजों की मौजूदगी दर्ज की है।

विमानों ने मध्य रेखा पार की
ताइवान के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इन सभी 9 विमानों ने मध्य रेखा को पार किया और ताइवान के उत्तरी, दक्षिण-पश्चिमी और पूर्वी एयर डिफेंस आइडेंटिफिकेशन जोन में प्रवेश किया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा आज सुबह 6 बजे (UTC+8) तक ताइवान के आसपास 9 PLA विमान और 11 PLAN जहाजों की गतिविधि दर्ज की गई। सभी विमानों ने मध्य रेखा पार की। स्थिति पर नजर रखी गई और उचित प्रतिक्रिया दी गई।

देश की संप्रभुता की रक्षा करेंगे- राष्ट्रपति लाई चिंग-ते
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले बुधवार को भी ताइवान ने 20 PLA विमानों और 9 चीनी युद्धपोतों की मौजूदगी दर्ज की थी, जिनमें से 17 विमानों ने ADIZ में प्रवेश किया था। इससे क्षेत्र में सैन्य दबाव लगातार बढ़ता दिख रहा है। इस बीच, ताइवान के राष्ट्रपति लाई चिंग-ते ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह देश की संप्रभुता की रक्षा करेंगे और चीन को ताइवान के मामलों में दखल देने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा मैं देश की सुरक्षा सुनिश्चित करूंगा और किसी भी तरह के चीनी दबाव को ताइवान तक पहुंचने नहीं दूंगा।

राष्ट्रपति लाई ने यह भी कहा कि चीन द्वारा ताइवान पर बनाया जा रहा दबाव इस बात का प्रमाण है कि बीजिंग का अधिकार ताइवान तक नहीं फैलता और ताइवान, पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना का हिस्सा नहीं है। हाल ही में चीन द्वारा प्रतिबंधित जापानी सांसद हेई सेकी की ताइवान यात्रा का जिक्र करते हुए राष्ट्रपति लाई ने कहा कि यह दौरा इस बात का सबूत है कि रिपब्लिक ऑफ चाइना और PRC एक-दूसरे के अधीन नहीं हैं।

Related Articles

Back to top button