झारखंडराज्य

झारखंड में मानव तस्करी के अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा: किडनैप किए गए 12 बच्चों का रेस्क्यू

रांची पुलिस ने मानव तस्करी के संगठित गिरोह का खुलासा का खुलासा करते हुए बच्चों की तस्करी करने के आरोप में 15 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि अंश और अंशिका को चोरी करने के मामले में पुलिस के द्वारा नव खेरवार और सोनी कुमारी को पुलिस रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की गई।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि इस घटना के पीछे एक संगठित गिरोह है, जो सुनियोजित तरीके से छोटे बच्चों का अपहरण कर उन्हें राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में छिपाकर रखता है। यह गिरोह झारखंड के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा जैसे सीमावर्ती राज्यों में भी सक्रिय रहा है।

अभियुक्तों के स्वीकारोक्ति बयान में यह भी सामने आया कि अपहृत बच्चों से भीख मंगवाने, उन्हें बेचने, देह व्यापार और अन्य अवैध गतिविधियों में इस्तेमाल किया जाता था। स्वीकारोक्ति के आधार पर एसआइटी ने त्वरित छापेमारी करते हुए कुल 15 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

इनके कब्जे से सिल्ली (रांची), कोठार (रामगढ़) और बरियातु (लातेहार) से कई बच्चों को बरामद किया गया है। अब तक सत्यापन के बाद यह पुष्टि हुई है कि सिल्ली से 5, कोठार से 3 और बरियातु से 4 किशोर-किशोरियों का अपहरण कर लाया गया था। कुल 12 बच्चों के अपहरण की पुष्टि हो चुकी है।

पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि दो बच्चों का अपहरण दो वर्ष पूर्व खादगढ़ा बस स्टैंड, रांची से, एक बच्ची का अपहरण तीन वर्ष पूर्व संबलपुर रेलवे स्टेशन से, पांच बच्चियों का अपहरण करीब तीन वर्ष पूर्व बरियातु (लातेहार) से, दो बच्चियों का अपहरण धनबाद से, एक बच्ची का अपहरण लोहरदगा से तथा एक बच्ची का अपहरण एक वर्ष पूर्व जगरनाथपुर, रांची से किया गया था। कुछ बच्चों को बिहार के औरंगाबाद जिला और पश्चिम बंगाल में बेचने की बात भी सामने आई है। फिलहाल अन्य बच्चों का सत्यापन जारी है।

पुलिस के अनुसार, इस कांड में और भी अभियुक्तों की संलिप्तता तथा अन्य बच्चों की बरामदगी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। एसआइटी वरीय पदाधिकारियों के निर्देशन में लगातार छापेमारी कर रही है।

गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम व पते

  1. विरोधी खेरवार उर्फ अनुराग (27 वर्ष), पिता जलेश्वर खेरवार, निवासी कोठार, थाना व जिला रामगढ़।
  2. एंथोनी खेरवार (लगभग 60 वर्ष), पिता स्व. रामचंद्र खेरवार, निवासी कोठार, थाना व जिला रामगढ़।
  3. प्रमोद कुमार (27 वर्ष), पिता स्व. किरानी खेरवार, निवासी टुटकी नावाडीह, थाना सिल्ली, जिला रांची।
  4. आशिक गोप (32 वर्ष), पिता गौतम गोप, निवासी टुटकी नावाडीह, थाना सिल्ली, जिला रांची।
  5. राज खानी, पिता किशोर खानी, निवासी शिव टोला, बरियातु, थाना बरियातु, जिला लातेहार।
  6. नव खेरवार, पिता साहबान खेरवार उर्फ छबीला, निवासी कोटशिला बाजार, थाना कोटशिला, जिला पुरुलिया।
  7. सोनी कुमारी, पति नव खेरवार, पिता एंथोनी खेरवार, निवासी कोठार, थाना व जिला रामगढ़।
  8. चांदनी देवी (23 वर्ष), पति विरोधी खेरवार, निवासी कोठार, थाना रामगढ़।
  9. सीता देवी (38 वर्ष), पति घुन्नु पासी, निवासी बरियातु, जिला लातेहार।
  10. दिनु भुईयां (30 वर्ष), पिता स्व. धन्नी भुईयां, निवासी बरियातु, जिला लातेहार।
  11. सन्यासी खेरवार (26 वर्ष), पिता जलेश्वर खेरवार, निवासी रविदास टोला, कोठार, जिला रामगढ़।
  12. मालिन देवी (42 वर्ष), पति भून्नू खेरवार, निवासी कोठार, जिला रामगढ़।
  13. बेबी देवी, पति आशिक गोप, निवासी टुटकी नावाडीह, थाना सिल्ली, जिला रांची।
  14. सोनिया देवी, पति उपैया खेरवार, निवासी बरियातु, जिला लातेहार।
  15. उपैया खेरवार, पिता स्व. दिलीप खेरवार, निवासी बरियातु, जिला लातेहार।

अभियुक्त नव खेरवार और सोनी कुमारी फिलहाल धुर्वा थाना कांड संख्या 01/26 में पुलिस रिमांड पर हैं।

जनता से सतर्क रहने की अपील
विरोधी खेरवार के पास से मारुति सुजुकी सफेद रंग की कार (निबंधन संख्या JH24L-8382) सहित अन्य सामग्री बरामद की गई है। इस पूरे अभियान में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, रांची; पुलिस अधीक्षक नगर, रांची; पुलिस अधीक्षक यातायात, रांची सहित एसआइटी में शामिल सभी पुलिस पदाधिकारी और बल शामिल रहे।

झारखंड पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि इस तरह के संगठित अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Related Articles

Back to top button