झारखंडराज्य

आयकर विभाग की बाबा राइस मिल पर बड़ी कार्रवाई, 42 ठिकानों पर छापेमारी

चावल-धान का धंधा करने वाली बाबा राइस मिल व करीब 15 आढ़तियों से जुड़े बिहार-झारखंड के 42 ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी तीसरे दिन भी जारी रही।

यह छापेमारी चौथे दिन यानी रविवार को भी जारी रहेगी। अब तक की छापेमारी में आयकर विभाग ने करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये से अधिक की नकदी की बरामदगी कर ली है।

इनमें से सवा करोड़ रुपये एक दिन पहले ही बाबा राइस मिल के प्रोपराइटर योगेश साहू के ठिकाने से बरामद हुए थे। बरामद रुपयों के बारे में आरोपितों ने अब तक संतोषजनक जवाब नहीं दिया है। सभी रुपये कच्चे कागज पर कारोबार से संबंधित है, जिसका लेखा-जोखा विभाग को नहीं दिया गया है।

इससे बड़े पैमाने पर बेहिसाब संपत्ति अर्जित की गई है। टैक्स चोरी के लिए इस ग्रुप ने कच्चे कागज पर कारोबार किया है। आयकर विभाग को उम्मीद है कि इस ग्रुप व इसके सहयोगियों ने करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी की है।

बरामद दस्तावेज, डिजिटल उपकरण आदि का सत्यापन कार्य भी चल रहा है। जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक टैक्स चोरी का सही आकलन नहीं किया जा सकता है। आयकर विभाग को इस छापेमारी में हवाला के माध्यम से भी रुपयों के लेन-देन का पता चला है और इससे संबंधित सबूत मिले हैं।

इस बिंदु पर भी विभाग की जांच जारी है। हवाला के माध्यम से बड़े पैमाने पर रुपयों का ट्रांजेक्शन हुआ है। बाबा ग्रुप व आढ़तियों के बीच इस माध्यम से बड़े पैमाने पर लेन-देन हुआ है।

जहां छापेमारी चल रही है, उनमें रांची के नगड़ी स्थित बाबा राइस मिल, हरमू स्थित कार्यालय, कांके रोड स्थित कंपनी के संचालक मनीष साहू का आवास, रातू रोड स्थित प्रोपराइटर योगेश साहू का आवास, जमशेदपुर के सर्किट हाउस क्षेत्र में चार्टर्ड अकाउंटेंट मनोज चौधरी का आवास, बिहार के गयाजी में धान के थोक कारोबारी राजेश साव व गौरीशंकर गुप्ता का आवास व गोदाम, औरंगाबाद में बाबा राइस मिल व सीता राइस मिल आदि शामिल हैं।

बाबा राइस मिल से जुड़े बाबा एग्रो फूड, बाबा फूड प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड के एस मोहंती, राज कुमार लाखोटिया, संचिता जायसवाल, मनीष कुमार, राखी साहू, एकता साहू, अमित कुमार व ज्ञान प्रकाश साहू से जुड़े आवास व कार्यालय में भी आयकर की टीम तीसरे दिन भी छानबीन में जुटी रही।

यह छापेमारी रांची, जमशेदपुर, औरंगाबाद, गयाजी व पटना में भी जारी है, जिसमें आयकर विभाग से जुड़े 500 से अधिक अधिकारी-कर्मी लगे हुए हैं।

Related Articles

Back to top button