महाराष्ट्रराज्य

बीवीए के अजीव पाटिल बने वसई-विरार महानगरपालिका मेयर

महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई-विरार इलाके में बहुजन विकास आघाड़ी (बीवीए) ने एक बार फिर अपनी मजबूत पकड़ साबित कर दी है। पूर्व विधायक हितेंद्र ठाकुर के नेतृत्व वाली पार्टी के अजीव पाटिल को मंगलवार को वसई-विरार महानगरपालिका का महापौर चुना गया, जबकि मार्शल लोपिस को उपमहापौर बनाया गया। यह चुनाव वसई-विरार सिटी म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन (VVCMC) के मुख्यालय में आयोजित एक विशेष बैठक में हुआ। इस चुनाव के साथ ही महानगरपालिका में लंबे समय से चल रहा प्रशासनिक शासन खत्म हो गया।

पूरी चुनाव प्रक्रिया की निगरानी पालघर की जिलाधिकारी डॉ. इंदुरानी जाखड़ ने की। मतदान खुले हाथ उठाकर (ओपन बैलेट) किया गया, जिसमें कुल 115 नगरसेवकों ने हिस्सा लिया। महापौर पद के लिए बीवीए और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला हुआ। नाम वापस लिए जाने के बाद मुकाबला बीवीए के अजीव पाटिल और भाजपा की दर्शन त्रिपाठी-कोटक के बीच रहा। बता दें कि मतदान में अजीव पाटिल को 71 वोट मिले और दर्शन त्रिपाठी-कोटक को 44 वोट मिले। इस तरह अजीव पाटिल ने जीत दर्ज की।

उपमहापौर चुनाव का नतीजा
उपमहापौर पद के लिए भी ऐसा ही मुकाबला देखने को मिला। बीवीए के मार्शल लोपिस और भाजपा के मंजरेकर नारायण सुरेश आमने-सामने थे। नतीजे में मार्शल लोपिस को 71 वोट, मंजरेकर को 44 वोट मिले और मार्शल लोपिस उपमहापौर चुने गए।

शांतिपूर्ण तरीके से हुआ चुनाव
महानगरपालिका की ओर से जारी बयान में कहा गया कि अच्छी योजना और पुलिस प्रशासन के सहयोग से चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुचारु तरीके से संपन्न हुआ। गौरतलब है कि अजीव पाटिल के भाई राजीव पाटिल वर्ष 2010 में, जब वसई-विरार महानगरपालिका बनी थी, तब उसके पहले महापौर रह चुके हैं। इस चुनाव के नतीजों से साफ है कि वसई-विरार क्षेत्र में बहुजन विकास आघाड़ी की राजनीतिक पकड़ अब भी मजबूत बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button